शाहजहांपुर। खुटार कस्बे के मोहल्ला नरायनपुर विक्रमपुर निवासी दिव्यांग अमरीक सिंह की जमीन पर मोहल्ले के ही एक व्यक्ति द्वारा किया गया कब्जा अभी तक खाली नहीं कराया जा सका।
अधिकारियों के स्तर से कोई सुनवाई नहीं होने पर सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया, लेकिन कब्जेदार वहां पक्का भवन बनाने के बाद लिंटर डालने की तैयारी कर रहे हैं। इसके विरोध में अमरीक सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ज्ञापन देकर अवैध निर्माण रुकवाने की गुहार लगाई। अमरीक के अनुसार विरोध करने पर कब्जेदार झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं।
सिविल कोर्ट में कब्जेदार के खिलाफ मुकदमा दायर कराया। बाद में कुछ दिन काम रोक दिया गया, लेकिन अब दोबारा कब्जेदार ने उनकी जमीन पर निर्माण कार्य कराने के साथ लिंटर डालने की तैयारी शुरू कर दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने अमरीक को आश्वस्त किया कि खुटार पुलिस को मौके पर भेजकर उचित कार्रवाई की जाएगी।