पुवायां। डीजे पर डांस के दौरान विवाद होने पर गांव के लोगों ने बरातियों को पीट दिया। एक युवक को तालाब में डुबोकर मारने का प्रयास भी किया गया।
क्षेत्र के गांव सदापुर निवासी चंदन ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात गांव के ही ओमकार के पुत्र की शादी थी। बरात बड़ागांव पहुंचने के बाद द्वाराचार के पूर्व के कार्यक्रम शांतिपूर्वक निपट गए। द्वाराचार के समय डीजे पर डांस करने के दौरान गांव के लोगों ने बरातियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो कुछ लोगों से उसे और कई अन्य लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। कुछ लोगों ने मामले को शांत कराया। इस बीच आरोपी उसे एक तालाब के पास खींच ले गए और डुबोकर मारने का प्रयास किया। किसी तरह वह आरोपियों से छुटकर भागा और जान बचाई।
चंदन के अनुसार, मारपीट के दौरान उसके चार हजार रुपये और मोबाइल फोन भी खो गया। उसे आशंका है कि मारपीट करने वालों ने ही रुपये और फोन निकाल लिया है। मामला शांत होने के बाद द्वाराचार की रस्में पूरी की गईं। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।