शाहजहांपुर। डाउन लाइन पर यार्ड में रुकते समय बीएसएफ स्पेशल ट्रेन के पहियेपटरी से उतरने के मामले की जांच करने के लिए शुक्रवार को मंडलीय अधिकारियों की टीम शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने डिरेलमेंट के कारणों की जांच के बाद अपनी संयुक्त रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेज दी है।
बृहस्पतिवार शाम करीब 7:20 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर बीएसएफ स्पेशल ट्रेन के कैरिज वैगन के पहिये पटरी से उतर गए थे। कंट्रोल रूम के आदेश पर तुरंत ही कैरिज एंड वैगन और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने उतरे पहिये पटरी पर लाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन कमानी टूटने के कारण पहिये पटरी पर नहीं आ सके। इसके बाद ट्रेन के कैरिज वैगन को अलग किया और पूरी गाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया।
शुक्रवार को सीनियर डीएमई भरत भूषण समेत कई मंडलीय अधिकारी विशेष ट्रेन से रेलवे स्टेशन पहुंचे। डीआरएम की स्पेशल ट्रेन दृष्टि से आए अधिकारियों ने डिरेलमेंट का बारीकी से जायजा लिया और कारण जाने। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की ज्वाइंट रिपोर्ट मंडल मुख्यालय भेज दी गई है। किसी की गलती सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया कैरिज एंड वैगन निरीक्षक की गलती सामने आ रही है।
लोको पायलट व सहायक की हुई अल्कोहल जांच
रोजा से एआरटी (दुर्घटना राहत ट्रेन) के साथ शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आए रेलवे के डॉ. संजय राय ने लोको पायलट और सहायक के रक्त का नमूना अल्कोहल जांच के लिए लिया। डॉ. संजय ने बताया कि ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा है।
रोजा में खड़ी रही शाहजहांपुर-बालामऊ पैसेंजर
डिरेलमेंट होने से शाहजहांपुर-बालामऊ पैंसेजर बृहस्पतिवार को पूरी रात रोजा रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। इस ट्रेन को रात में शाहजहांपुर यार्ड में खड़ा करना था, लेकिन डिरेलमेंट के कारण बीएसएफ स्पेशल ट्रेन का कैरिज वैगन पांच नंबर लाइन पर खड़ा रहा। शुक्रवार सुबह शाहजहांपुर-बालामऊ पैंसेजर को रोजा से शाहजहांपुर लाया गया, फिर बालामऊ के लिए रवाना हुई।
बीएसएफ स्पेशल ट्रेन के डिरेलमेंट होने के मामले की जांच के लिए मंडलीय अधिकारियों की टीम शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर गई थी। जांच के बाद टीम की ओर से ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेजी गई है। मामले में डीआरएम की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
- सुधीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक