गोविंदगंज में शालिग्राम की झांकी के साथ श्री कृष्णा मंदिर कमेटी के लोग। संवाद
शाहजहांपुर। कार्तिक मास में कृष्णानगर कॉलोनी स्थित श्रीकृष्णा मंदिर से प्रतिदिन निकलने वाली प्रभातफेरी का समापन होने के बाद शनिवार को भगवान शालिग्राम की बरात निकाली गई। बैंड-बाजे की धुन पर भगवान की बरात में श्रद्धालु जमकर झूमे। विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद बरात मंदिर पहुंची। यहां शालिग्राम संग तुलसी के विवाह की रस्में निभाने के साथ ही सात निर्धन परिवार की कन्याओं का विवाह भी कराया गया।
शालिग्राम की बरात खिरनीबाग चौराहा से गोविंदगंज, सदर बाजार, बहादुरगंज होकर कृष्णानगर कॉलोनी स्थित मंदिर पहुंची। बरात में वर पक्ष के सुरेंद्र सेठी व रुचि सेठी सहित मंदिर कमेटी के पदाधिकारी व श्रद्धालु मौजूद रहे। शहर में घूमने के बाद मंदिर परिसर पहुंची बरात का वधू पक्ष के रवि सचदेवा व नैना सचदेवा सहित तमाम जनातियों ने स्वागत किया। इसके बाद विवाह की रस्में निभायी गईं।
वहीं, मंदिर कमेटी की ओर से निर्धन परिवारों की सात कन्याओं का विवाह भी संपन्न करवाया गया। इसके बाद प्रतिभोज हुआ। इस मौके पर मंदिर कमेटी के कार्यवाहक प्रधान हरीश बजाज, प्रेम नारंग, महामंत्री कमलेश सचदेवा आदि मौजूद रहे।
-
सात कन्याओं का संपन्न हुआ विवाह
श्रीकृष्णा मंदिर में सलोनी राजपूत-जीतू, आकांक्षा रस्तोगी-सत्यम रस्तोगी, आरती-सुखराम, अंजू-बाबूराम, शालिनी सक्सेना-अमित सक्सेना, शिवांगी शर्मा-जितेंद्र प्रसाद, नैंसी कश्यप-मुकेश कुमार का विवाह संपन्न कराया गया।
गोविंदगंज में शालिग्राम की झांकी के साथ श्री कृष्णा मंदिर कमेटी के लोग। संवाद