बंडा (शाहजहांपुर)। अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने शनिवार को बंडा में प्रदर्शन किया। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव और सीओ बीएस वीरकुमार को सौंपा। शनिवार सुबह बीआरसी भवन परिसर में 20-25 युवा एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। सूचना पाकर बंडा के थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा कर शांत किया और थाने ले आए।
यहां युवाओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम और सीओ को सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि केंद्र सरकार ने सेना भर्ती के लिए जो अग्निपथ योजना लागू की है, इससे सेना में कमजोरी आना संभव है। सेना हमारे देश की नींव है, सेनाओं से ही देश का भविष्य है। यदि सेना कमजोर होती है तो तमाम समस्याएं आएंगी।
मांग की गई है कि भर्ती पुरानी प्रक्रिया से ही होनी चाहिए। यदि अग्निपथ योजना लागू होती है तो युवाओं को चार वर्ष के स्थान पर 12 वर्ष तक सेना में रखने की व्यवस्था की जाए। रिटायरमेंट के बाद पूर्व सैनिक का दर्जा मिलना चाहिए और पेंशन भी उपलब्ध कराई जाए। यदि सेना भर्ती नियमों में बदलाव किया जा सकता है तो देश के सभी मंत्री सांसद और विधायकों का कार्यकाल भी चार साल किया जाए। दौरान दौरान दिव्यांशु अवस्थी, ऋषभ शुक्ला, प्रमोद, सूरज कुमार, अनमोल मिश्रा, सूरज मिश्रा, रामजीत सिंह, अभय सिंह, सोनू राठौर, उत्कर्ष मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, शिवम शर्मा, विशाल कनौजिया, निष्कर्ष राठौर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
आप कार्यकर्ताओं ने भी खोला मोर्चा
शाहजहांपुर। सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं में भड़के रोष का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में उनका शिष्टमंडल जिलाध्यक्ष राजीव कुमार यादव के नेतृत्व में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट हिमांशु उपाध्याय से मिला और उन्हें प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देकर अग्निपथ योजना तत्काल निरस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने अग्निपथ योजना की कड़ी आलोचना करते हुए उसे देश के उन तमाम युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया जो सेना में भर्ती के लिए कई वर्ष तक कड़ी तैयारी करते हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि योजना लागू होने पर सैन्य भर्ती प्रक्रिया सिर्फ सिक्योरिटी गार्ड ट्रेनिंग सेंटर तक सीमित होकर रह जाएगी। सरकार ने यह कदम युवाओं का भविष्य प्राइवेट कंपनियों के हाथों में देने के लिए उठाया है। निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए सेना के साथ खिलवाड़ देश के अपमान जैसा है। इस मौके पर पार्टी के संस्थापक सदस्य कीर्तिमान प्रकाश च्यवन, महेंद्र चावला, विशंभर दयाल शर्मा, जेबी सिंह, पुत्तन बेग, मोहम्मद अहमद, विशाल शर्मा, शिव महान पटेल आदि मौजूद रहे। संवाद
अग्निपथ के विरोध में एसडीएम और सीओ को ज्ञापन देते युवा। संवाद- फोटो : POWAYAN