शाहजहांपुर। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के साथ खाद्य वस्तुओं पर बढ़ रही महंगाई के विरोध में सामाजिक संगठन जनता की आवाज के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने टाउनहॉल स्थित शहीद पार्क से खिरनीबाग चौराहा तक तांगा-बुग्गी खींच कर प्रदर्शन किया। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संजीव गुप्ता खुद को जंजीरों से बुग्गी से बांध कर चले और उनके पीछे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
ज्ञापन में कहा गया है कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बेतहाशा बढ़ने से महंगाई चरम पर पहुंच रही है। सरसों का तेल 200 रुपये किलो का आंकड़ा छू रहा है। आटा 34 रुपये किलो पहुंच गया है, जबकि किसानों का गेहूं 1600 रुपये क्विंटल के सस्ते भाव पर बिक रहा है। अगर यही हालात बने रहे और महंगाई नियंत्रित करने को ठोस प्रयास नहीं किए गए तो देश में भुखमरी की समस्या पैदा हो जाएगी। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया गया, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों से जीएसटी हटा कर महंगाई नियंत्रित करने की मांग समेत जनहित की कई अन्य समस्याओं का भी निदान मांगा गया। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष संकल्प अवस्थी, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सोनी गुप्ता, राहत अली, सचिन गुप्ता, इस्तेखार अहमद, राजकुमार अवस्थी, रेहान, अर्पित गुप्ता, कपूर चंद्र, प्रीति देवी, आशा गुप्ता, अनीस खां आदि शामिल रहे।