- पांच राजकीय डिग्री कॉलेज में रहती है प्रवेश के लिए मारामारी
- शहर के तीन एडेड कॉलेजों में भी सीटों के सापेक्ष कराए गए पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। विद्यार्थी पंजीकरण कराने के बाद एक से अधिक डिग्री कॉलेजों में आवेदन पत्र जमा कर रहे हैं। मेरिट सूची के आधार पर दाखिले लिए जाएंगे।
जिले में पांच राजकीय महाविद्यालय स्थित हैं। इनमें प्रवेश के लिए मारामारी रहती है। इनके अलावा शहर के तीन प्रमुख एडेड कॉलेजों में सीटों के सापेक्ष अधिक छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ है।
एडेड महाविद्यालयों में जीएफ कॉलेज के पास बीए की 2000 सीटों के सापेक्ष 1600, बीएससी बायो की 640 सीटों के लिए 720 और मैथ की 640 सीटों के सापेक्ष 250 पंजीकरण कराए गए हैं। बीकॉम की 120 सीटों पर भी करीब 200 पंजीकरण हो गए हैं।
एसएस कॉलेज में बीए में 1320 सीटें हैं, इनके लिए 1650 पंजीकरण कराए गए हैं। बीएससी में 480 सीटों के सापेक्ष 950 पंजीकरण हुए हैं। यहां बीकॉम के लिए 620 सीटों के सापेक्ष 449 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण करवाया है।
राजकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध सीटें
- प्रेम किशन खन्ना राजकीय महाविद्यालय जलालाबाद में बीए की 420 तथा बीकॉम की 60 सीटें उपलब्ध है। पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय तिलहर में बीए की 420 और बीकॉम की 60 सीटें उपलब्ध हैं। राजकीय महाविद्यालय कांट में बीए की 420, बीकॉम की 60 और बीएससी के बायो एवं मैथ ग्रुप में 60-60 सीटें हैं। राजकीय संघटक महाविद्यालय में भगत सिंह राजकीय संघटक महाविद्यालय पुवायां में बीए की 420, बीकॉम की 100, बीएससी बायो की 60 और बीएसी मैथ की 60 सीटें उपलब्ध हैं। इतनी ही सीटें रोशन सिंह राजकीय संघटक महाविद्यालय खुदागंज में हैं, जिन पर प्रवेश होंगे।
-
अपनी पसंद के कॉलेज में ले सकेंगे प्रवेश
जीएफ कॉलेज के प्रवेश प्रभारी सुहेल अख्तर नकवी ने बताया कि स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए जिन छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण करवाया है। उनकी मेरिट सूची बृहस्पतिवार को जारी हो जाएगी। मेरिट सूची में नाम आने के बाद छात्र-छात्राएं अपनी पसंद के डिग्री कॉलेज में प्रवेश ले सकते हैं।