शाहजहांपुर। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कटरा विधानसभा के रामलीला मैदान के पास सार्वजनिक जनसभा में कांग्रेस, सपा और बसपा पर हमला बोला। उन्होंने विपक्षियों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये पार्टियां हिन्दू-मुस्लिम को बांटने का काम करती हैं। उन्होंने सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए जनता से आह्वान किया कि यूपी को विकासशील और सशक्त बनाने के लिए भाजपा को वोट दीजिए। यदि विकास चुनेंगे तो सुशासन होगा और गरीब के घर राशन होगा। बोले-देश की विरासत को सुरक्षित रखेंगे तो देश विकास करेगा। जो अपनी देश की विरासत को सुरक्षित नहीं रख सकता है। उसकी हालत कटी पतंग जैसी हो जाती है।
सोमवार दोपहर 1.45 बजे आए राजनाथ सिंह ने 33 मिनट के भाषण में विपक्षियों को निशाने पर रखा। साथ ही सेना के पराक्रम और शौर्य पर सवालिया निशान उठाने वाले को सबक सिखाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी हैं। बोले: मैं नौजवानों के बारे में ज्यादा नहीं बोलता हूं, लेकिन दुआ करता हूं कि उन्हें (राहुल गांधी) को ईश्वर सद्बुद्धि दे। राजनाथ सिंह ने गलवान घाटी में चीन और भारत की सेना की भिड़ंत का जिक्र करते हुए कहा कि हिन्दुस्तान और चीन की सेना का आमना-सामना होने पर चीन के एक मुख पत्र ने खबर प्रकाशित कर दी कि चीन के चार जवान मारे गए, जबकि भारत के कई जवानों की मौत हुई। यहां के कुछ नेताओं को इस बात की खुशी हुई कि भारत के प्रधानमंत्री को चीन ने ठेंगा दिखा दिया। लेकिन, आस्ट्रेलिया के खोजी पत्रकार ने स्पष्ट कर दिया कि चीन के 37 से 40 जवान मारे गए। उन्होंने विरोधियों को चेताया कि भारत की सेना के शौर्य, साहस और पराक्रम पर सवालिया निशाना लगाने वाले घर में गाली देना चाहते हैं तो कोई बात नहीं, पर दुनिया के किसी देश के साथ मुकाबला होता है तो साथ खड़ा होना चाहिए। सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस और उसका साथ देने वाली सपा और बसपा को भी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के भरोसे को किसी सूरत में टूटने नहीं देगी। भाजपा ने जो कहा, वह करके दिखाया। उसकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है, जबकि अन्य नेताओं की कथनी और करनी में अंतर है। इस मौके पर रक्षामंत्री का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। सभा में भाजपा प्रत्याशी वीर विक्रम सिंह, सांसद अरुण सागर, सुरेश खन्ना, जितिन प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव आदि मौजूद रहे।
सेना के शौर्य, सरकार की योजनाओं से जनता को साध गए राजनाथ
-रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा में सिर्फ विरोधियों को आइना ही नहीं दिखाया, बल्कि कोरोना, लॉकडाउन, गरीबों के राशन और सेना के पराक्रम की गाथा भी सुनाई। उन्होंने पुलवामा हमले, सर्जिकल व एयर स्ट्राइक की चर्चा करते हुए कहा कि हमने आतंकियों के ठिकानों का सफाया कर संदेश दिया कि छेड़ोगे तो हम छोड़ेंगे नहीं। हमें आंख दिखाएंगे तो इस पार भी मार सकते हैं और जरूरत पड़ी तो उस पार भी जाकर मार सकते हैं।
कहा कि आयुष्मान कार्ड योजना से पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा। दुनिया में स्वास्थ्य को लेकर ऐसी व्यवस्था किसी के पास नहीं है। यह कांग्रेस, बसपा ओर सपा के लोगों को दिखाई नहीं देता। हर घर नल योजना के जरिए प्रधानमंत्री ने गांव-गरीब की चिंता की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विपक्ष के लोग कहते थे कि मोदी जी ने क्या किया। लॉकडाउन लगा दिया। खाने-पीने की समस्या हो गई। आज 80 करोड़ लोगों को महीने में दो बार सरकार राशन दे रही है। बोले-कोविड कॉल के प्रबंधन को पूरी दुनिया सराह रही है। अधिकांश लोगों को एक या दो टीका लग चुका है। पहले यह टीका भारत में नहीं बनता था, लेकिन, कोरोना काल में वैक्सीन बनाना शुरू कर दिया, साथ ही रुस, फ्रांस को भी भेजा हेै। भारत का मस्तक ऊंचा उठा है। भारत माता का भाग्य चमका रहे हैं।
भाजपा में व्यक्ति गड़बड़ हो सकता, पार्टी नहीं
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा में व्यक्ति गड़बड़ हो सकता है, पार्टी गड़बड़ नहीं हो सकती है। भाजपा किसी भी सूरत में जनता के भरोसे और विश्वास को टूटने नहीं देगी। हमने जो अब तक कहा है, वह किया है। आजाद भारत के इतिहास में नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति से जनता का विश्वास खत्म होता चला गया। भाजपा एक ऐसी पार्टी ने विश्वास में पैदा हुए संकट को चुनौती के रूप में लिया है। भाजपा भरोसे को किसी सूरत में टूटने नहीं देगी।
बुलडोजर से खाली जमीन पर पूंजीपतियों के बंगले नहीं बनते
- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने यूपी में योगी सरकार द्वारा माफियाओं की संपत्ति पर बुलडोजर चलने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब माफिया की संपत्ति पर बुल्डोजर चलता है तो उस जमीन पर पूंजीपतियों के बंगले नहीं बनते, बल्कि गरीबों के घर बनते हैं। उन्होंने कहा कि पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न होता था। भारत की नागरिकता नहीं मिलने के कारण जलालत भरी जिंदगी जीने पर मजबूर होना पड़ता था। भाजपा ने कहा था कि बहुमत मिलने पर नागरिकता कानून बनाएंगे, वह करके दिखाया। 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने घोषणा पत्र में कहा था कि जिस दिन भारत में बहुमत मिल जाएगा, उस दिन धारा 370 को चुटकी बजाकर हटाकर खत्म कर देंगे। हम लोगों ने यह करके दिखाया। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने कभी जनता की आंखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं की है, बल्कि जनता की आंखों में आंखें डालकर राजनीति की है।
अयोध्या, सोमनाथ मंदिर को मिला भव्य स्वरूप, विरासत को सुरक्षित रखा
-केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद अशफाक उल्ला खां की फांसी के समय का प्रसंग सुनाकर एकता का संदेश दिया। उन्होंने अयोध्या और काशी के मंदिर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो अयोध्या में भव्य राममंदिर बनेगा। कुछ लोग कहते हैं कि भाजपा वाले मंदिर की बात करते हैं। सोमनाथ मंदिर पर मोहम्मद गौरी ने आक्रमण किया। काशी विश्वनाथ मंदिर को आतातायी ने तोड़ दिया। उसका भव्य निर्माण प्रधानमंत्री ने कराया। केदारनाथ में भारी तबाही के बाद दर्शन करने के लिए तट तक नहीं बचे थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि बसपा, सपा और कांग्रेस जाति, मजहब और पंत के आधार पर राजनीति करना चाहती है। इंसाफ और इंसानियत के आधार पर राजनीति करना चाहिए। न्याय सबको मिले, पर तुष्टिकरण की राजनीति नहीं होना चाहिए।
-----------
कमजोर नहीं, ताकतवर बन चुका है भारत
-रक्षामंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2014 से पहले और अब की स्थिति की तुलना की। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले भारत को लोग अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता से नहीं लेते थे। आज सीना ठोक कर कह सकते हैं कि भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। भारत कमजोर नहीं, बल्कि ताकतवर बन चुका है।
जब होगा कानून का शासन, तब विकास करेगा योगासन
-मंच से रक्षामंत्री ने आमजनता से सवाल किया कि योगासन कितने प्रकार के होते हैं। कोई सही जवाब न आने पर उन्होंने खुद ही जवाब दे दिया। बोले वाह रे शाहजहांपुर, योगासन 84 प्रकार के होते हैं। यूपी विकास में 83 योगासन कर रहा है, जबकि एक योगासन विपक्ष के लिए छोड़ दिया। वह है शीर्षासन, उन्होंने सभी से भाजपा को वोट देने की अपील की।
----------------------------
खन्ना और जितिन की सराहना कर गए जितिन
-केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भरे मंच से नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और जितिन प्रसाद की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरेश खन्ना काफी सीनियर नेता है। वह नवीं बार जीतकर इतिहास रचने जा रहे हैं। वह राजनीति के संत हैं। बोले कि युवा नेता जितिन प्रसाद की कांग्रेस में रहते हुए भी अपनी छवि थी। भले ही विरोधियों ने कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया हो, पर ऐसा कोई व्यक्ति नहीं, जिसने जितिन प्रसाद पर आरोप लगाया हो।