शाहजहांपुर। शहर में सड़क किनारे खुले गड्ढे और नाले लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। कई स्थानों पर निर्माण कार्य के लिए गहरी खोदाई कर दी गई है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में राहगीरों और स्कूली बच्चों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
19 अगस्त को बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुरसान में सड़क किनारे खोदे गए आठ फुट गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबकर 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। शहर में रोडवेज बस स्टेशन से स्टेशन रोड जाने वाली सड़क पर नाला निर्माण के लिए खोदाई की गई है। यहां ह्यूम पाइप डाले जाने हैं।
बारिश के कारण निर्माण कार्य बीच-बीच में प्रभावित हो रहा है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में राहगीर और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। सड़क किनारे गहरे गड्ढे होने से हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
शहीद अहमद उल्ला शाह पार्क से टाउनहाल जाने वाली सड़क के किनारे ग्रीन रोड निर्माण के लिए गड्ढे खोदे गए हैं। लाल इमली चौराहे से निशात की ओर जाने वाली सड़क पर भी ग्रीन रोड का निर्माण चल रहा है। बारिश के कारण काम प्रभावित होने से यहां सड़क किनारे कई गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं। राहगीरों को इनसे बचकर निकलना पड़ता है।
शहर में खुले नाले भी बने मुसीबत
शहर में कई स्थानों पर खुले नाले भी हादसों को दावत दे रहे हैं। अंटा चौराहे के पास सड़क किनारे नाला खुला हुआ है। बारिश के दिनों में नाले में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है। महमंद हद्दफ में नाले के किनारे लोगों ने अतिक्रमण कर मकान बना लिए हैं। यहां नाले की सुरक्षा के लिए बनी दीवार भी गायब हो चुकी है। गहरा नाला होने के कारण हादसे का खतरा बना रहता है।
सुभाषनगर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे भी नाला खुला हुआ है। इसमें कई बार पशु गिर चुके हैं। जलालनगर में बस्ती के बीच से खुला नाला गुजर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां भी आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद खुले नालों को सुरक्षित करने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए हैं।
जहां निर्माण कार्य हो रहा है, वहां संकेतक लगाने के साथ बैरिकेडिंग कराने या आवश्यकता पड़ने पर सड़क बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। खुले नालों को चिह्नित कर उनकी चहारदीवारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।
-सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त
स्टेशन रोड पर रोडवेज बस अड्डे से आगे रोड पर गहरा गड्ढा देखकर निकलता बच्चा। संवाद
स्टेशन रोड पर रोडवेज बस अड्डे से आगे रोड पर गहरा गड्ढा देखकर निकलता बच्चा। संवाद