चांदपुर (खुटार)। गांव नवदिया नवाजपुर में 13 वर्षीय कक्षा सात की छात्रा की बुखार से मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मचा हुआ है। गांव में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। तीन दिन पूर्व एक महिला भी बुखार से दम तोड़ चुकी है।
गांव नवदिया नवाजपुर निवासी मुर्तजा ने बताया कि उसकी पुत्री 13 वर्षीय रहनुमा गांव के ही पूर्व माध्यमिक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा थी। उसको तीन दिन से बुखार आ रहा था। उन्होंने पुत्री का गांव में इलाज कराया था, जिससे बुखार कम हो गया था। मंगलवार रात अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे लेकर मैलानी जा रहे थे, लेकिन रहनुमा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। रहनुमा की मौत से मां किसमतूल बेगम, पिता मुर्तजा सहित परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।
गांव में कई लोग बुखार से हैं पीड़ित
बुखार से ही गांव के कामता प्रसाद की पत्नी प्रेमा देवी की भी तीन दिन पहले मौत हो चुकी है। गांव के लोगों ने मामले की शिकायत खुटार के सरकारी अस्पताल की तो वहां के प्रभारी ने बताया कि डॉक्टर ही नहीं हैं तो नवदिया की पीएचसी पर किसे भेजा जाए। खुटार पीएचसी के प्रभारी डॉ. तरुण कुमार ने बताया कि सब पीएचसी नवदिया नवाजपुर में स्टाफ की कमी है। अधिकारी इससे अवगत हैं। जल्द ही समस्या का निदान होगा।
नवदिया नवाजपुर में यह लोग हैं बीमार
गांव नवदिया नवाजपुर में सईम, अर्स, नसीर, शैफ, अब्दुअहद, शुएब, विपिन, सलोनी, हुमा, गोरी, डेबिड, शेदरीन, रिशा, हनी सहित तमाम लोग बुखार से पीड़ित हैं।
नवदिया नवाजपुर गांव में बुखार फैलने की जानकारी नहीं मिली। वह बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य टीम गांव भेजेंगे, जो लोग बुखार से पीड़ित हैं उनका उपचार किया जाएगा।
डॉ. आरपी रावत, सीएमओ