शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर निवासी कमलेश कुमार (45) ने फंदे से लटककर जान दे दी। वह सुबह टहलने निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। उनका शव अवंतीबाई पार्क में पेड़ से फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक वह बीमार रहते थे। इसी के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।
विज्ञापन
चिनौर के रहने वाले कमलेश रोजाना सुबह चार बजे टहलने के लिए जाते थे। सोमवार की सुबह भी वह करीब चार बजे टहलने के लिए निकले थे। इस बीच उन्होंने पार्क में गमछे से शहतूत के पेड़ में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। करीब पांच बजे लोगों ने उनका शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार, वह अक्सर बीमार रहते थे। इस वजह से मानसिक तनाव में थे।