पुवायां। बंडा के गांव अजोधापुर में चल रहे शहीद सारज सिंह क्रिकेट टूर्नामेंट में किसान इलेवन के कप्तान पलविंदर सिंह संधू ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलने उतरी किसान इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 197 रन बनाए।
किसान इलेवन की ओर से तनवीर ने भांवी इलेवन के गेंदबाजों की जमकर पिटाई करते हुए 48 गेंदाें में छह छक्के और 10 चौकों की मदद से 85 रन बनाए। कार्तिक ने 32 रन बनाए। भांवी इलेवन के खिलाड़ी भाई खान ने चार, लालू और फैजी ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में खेलने उतरी भांवी इलेवन की टीम 19.4 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। चरनजीत सुरली ने 26 गेंदों में दो छक्के और दो चौकों की मदद से 38 रन बनाए। फैजी ने 23 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 27 रनों का योगदान दिया, लेकिन अन्य कोई खिलाड़ी उनका साथ नहीं दे सका। किसान इलेवन के खिलाड़ी बुमराह ने चार, गोविंद और तनवीर ने दो-दो विकेट लिए। तनवीर को मैन ऑफ द मैच के साथ ही मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया। कार्तिक को बेस्ट बल्लेबाज और गोविंद को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। संत बाबा निर्मल सिंह भूरी वाले, सुनासर के जत्थेदार अमरजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य रनजोध सिंह, भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष मनजीत सिंह, प्रधान जसप्रीत कौर ने विजेता टीम को 15 हजार रुपये, ट्राफी देकर और उप विजेता टीम को पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह, प्रधान प्रतिनिधि मंजीत सिंह, कैप्टन सिंह ने 65 सौ रुपये और ट्राॅफी देकर सम्मानित किया।
शहीद सारज सिंह के पिता विचित्र सिंह को टूर्नामेंट प्रबंधन कमेटी ने सरोपा देकर सम्मानित किया। फाइनल मैच में अंपायरिंग गुरविंदर सिंह रंधावा और ओमकार सिंह ने, स्कोरिंग कमलजोत सिंह, दिलबाग सिंह चीमा और कमेंटरी इंद्रजीत सिंह, मिंटू बाजवा, मनी बाजवा, सुखवीर सिंह, दलजीत सिंह ने की।
दवाओं का निशुल्क शिविर लगाया
फाइनल मैच के दौरान डॉ. सुरजीत सिंह ने रोगियों को देखा और दवाओं का निशुल्क वितरण किया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का संचालन गुरविंदर सिंह, अनिल सिंह ने किया। इस मौके पर लंगर और निशुल्क जल सेवा की व्यवस्था भी की गई। सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण भी किया गया।