सिंधौली। ढकिया हमीदनगर गांव निवासी 20 वर्षीय कौशल का शव बृहस्पतिवार सुबह खेत पर शहतूत के पेड़ से लटका मिला। मृतक की मां ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, भाई दूज पर भाई का शव देखकर उसकी बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
तेजनी ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे बेटा कौशल बिना भोजन किए बाहर टहलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब बेटा वापस नहीं आया तब उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार की सुबह खेत पर गए ग्रामीणों ने बेटे का शव शहतूत के पेड़ से लटका देखा तो सूचना दी।
मौके पर गए तो बेटे के गले में गमछे का फंदा पड़ा हुआ था। आरोप है कि बेटे की हत्या की गई है। पति की दो वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। बेटा कौशल अविवाहित था। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। भाईदूज पर इकलौते भाई की मौत से उनकी बहन सुभद्रा, नीतू, नन्हीं, पूनम, मोहिनी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर हर पहलू पर मामले की जांच की जाएगी।