शाहजहांपुर। क्रिकेट की दीवानगी के साथ ही महिला खिलाड़ी कॅरिअर बनाने के लिए पसीना बहा रही हैं। जिला स्तर से तैयारी करने के बाद लखनऊ और दिल्ली में लीग तक जगह पक्की की है। खिलाड़ियों का सपना देश के लिए खेलना है। इसके लिए वे लगातार अभ्यास कर रहीं हैं।
लड़कों की तरह महिला खिलाड़ी भी क्रिकेट में कॅरिअर बनाने के लिए कोशिश कर रहीं हैं। एसएस कॉलेज, सिटी पार्क और कांट स्थित अकादमी में खिलाड़ियों को क्रिकेट के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद जिला स्तर पर ट्रायल देने के बाद महिला खिलाड़ियों ने ऊंची उड़ान भरते हुए लखनऊ और दिल्ली तक पहुंच बनाई है।
देश की टीम में खेलना चाहतीं हैं वसुंधरा
एसएस कॉलेज में क्रिकेट का अभ्यास करते हुए गेंदबाज वसुंधरा ने विभिन्न मैचाें में शानदार प्रदर्शन किया है। वह इन दिनों दिल्ली में क्रिकेट क्लब से जुड़कर लीग खेल रहीं हैं। उसका सपना भारत की टीम में खेलने का है। इसके लिए वह लगातार अभ्यास कर रहीं हैं।
अंडर-23 ट्रायल के अभ्यास में जुटी संध्या
मदनापुर की रहने वाली महिला खिलाड़ी संध्या सिंह बेहतरीन बल्लेबाज हैं। एसएस कॉलेज के मैदान पर तैयारी करते हुए संध्या लखनऊ में लीग मैच खेल रहीं हैं। इसके अलावा वह अंडर-23 के ट्रायल की तैयारी में हैं। वह अपनी बल्लेबाजी पर विशेष ध्यान दे रहीं हैं।
बल्लेबाजी में निखार लाने के लिए ले रहीं कोचिंग
बल्लेबाज एंजेल मिश्रा भी अंडर-15 की तैयारी कर रही हैं। एंजेल कहती हैं कि बल्लेबाजी में निखार लाने के लिए वह कोचिंग भी ले रहीं हैं। वह क्रिकेट में कॅरिअर बनाना चाहती हैं। पढ़ाई के साथ ही खेल पर भी ध्यान देकर क्रिकेट में भविष्य बनाने का सपना है।
अक्षरा बोलीं- लक्ष्य तक जरूर पहुंचेंगे
अक्षरा वर्मा ने जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के बाद अंडर-19 लखनऊ का ट्रायल दिया था। वहां बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाईं थीं। उन्होंने अब दोबारा से क्रिकेट को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। अक्षरा बताती हैं कि वह अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंचेगी।
अक्षरा वर्मा। स्रोत: स्वयं
अक्षरा वर्मा। स्रोत: स्वयं
अक्षरा वर्मा। स्रोत: स्वयं