डाटा अपलोड करने के लिए 31 अगस्त है अंतिम तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2024-25 में सफल (फ्रेश) तथा 2023-24, 2022-23, 2021-22 में सफल नवीनीकरण के लिए योग्य लाभार्थियों का डाटा नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि लाभार्थियों का एनएसपी पर अपलोड करने के लिए पोर्टल 30 जून से खुल चुका है। 31 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित है। लाभार्थियों को पहले पोर्टल पर अपना पंजीकरण करना होगा, उसके बाद ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा।
बताया कि आवेदन के दौरान राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2024-25 का रोल नंबर भरना जरूरी है। इसके साथ ही खाता संख्या आधार से संबद्ध होना भी आवश्यक है। जिन लाभार्थियों ने सत्र 2023-24 में अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर पोर्टल पर आवेदन किया था, वे अपने उसी रजिस्ट्रेशन नंबर से 10, 11 और 12 की छात्रवृत्ति के नवीनीकरण के लिए आवदेन करेंगे।
यह भी बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2024-25 का परीक्षाफल सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश प्रयागराज की ओर से घोषित कर दिया गया है। लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों का कक्षा-9 से कक्षा 12 तक राजकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत होना जरूरी है।