पुवायां (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर जिले में दूसरे चरण में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। जीत-हार ईवीएम में कैद हो चुकी है। दस मार्च को ही पता चलेगा कि जनता ने किसे आशीर्वाद दिया है। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही तमाम पार्टियों के सोशल मीडिया योद्धा सक्रिय हो गए थे। ऑडियो, वीडियो, फोटो के माध्यम से पार्टियों के पक्ष में महौल बनाने का काम होने लगा था।
चुनाव होने के बाद भी सभी पार्टियों के समर्थक सोशल मीडिया पर भिड़े हुए हैं। अंतर सिर्फ यह आया है कि बहस पर स्थानीय मुद्दों के स्थान पर प्रदेश और देश स्तर पर पहुंच गई है। ऐसे ऐसे नारे और पोस्ट डाले जा रहे हैं जो खूब वायरल हो रहे हैं। कांग्रेस और बसपा के पक्ष में सोशल मीडिया पर कम पोस्ट आती हैं, लेकिन भाजपा और सपा के बीच चुनाव मैदान की तरह सोशल मीडिया पर भी कड़ा मुकाबला चल रहा है।
भाजपा के पक्ष में यह पोस्ट हो रही वायरल
- लहर है तो साइकिल का पहिया सीधा कराओ, नहीं तो धुरा कट जाएगा
- साइकिल पर नहीं कमल पर बैठ कर आती है लक्ष्मी
- दस मार्च साइकिल साफ
- दस मार्च को आ रहे हैं अखिलेश लेकिन सैफई
- राजतिलक की करो तैयारी, फिर से आ रहे भगवाधारी
सपा के पक्ष में ये पोस्ट हो रही चर्चित
- लहर बड़ी करारी है, साइकिल सब पर भारी है
- बटन दबा दो साइकिल की, सुल्तान बदलने वाला है
- लहर है बीजेपी पर कहर है
- पैडल घिसा न छर्रा, साइकिल चली अजर्रा
कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सक्रिय
- लड़की हूं लड़ सकती हूं, नेतृत्व तक को बदल सकती हूं
- अब गई महंगाई की मार, आ रही है कांग्रेस की सरकार
- हाथ ने फेंकी साइकिल, कमल गया है टूट
बसपा भी पीछे नहीं
- हाथी नहीं गणेश है, ब्रह्मा, विष्णु, महेश है
- भाजपा, सपा की हार करारी, आई अब बहन जी की बारी
- बहुत हुई तकरार, अबकी बार बसपा सरकार