शाहजहांपुर। मसीह समाज ने शुक्रवार को प्रभु यीशु मसीह का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। गुरुवार मध्य रात्रि जैसे ही घड़ी की तीनों सुइयां 12 पर पहुंची, गिरिजाघरों में विशेष पूजा प्रार्थनाएं शुरू हो गई। शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कोविड-19 की वजह से उसमें मसीह समाज के लोग ही शामिल हुए। इस दौरान केक भी काटा गया। इसके बाद सभी ने एक दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी।
शुक्रवार को गोविंदगंज स्थित सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में बड़ी संख्या में मसीह समाज के लोग जुटे। पादरी अशोक श्रेष्ठा ने प्रार्थना कराई। पादरी ने भगवान यीशु मसीह के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश और दुनिया में सुख समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही कोविड-19 महामारी को खत्म करने के लिए प्रभु यीशु मसीह से प्रार्थना की गई। चर्च में क्रिसमस का जश्न मनाने के व्यापक तैयारी की गई थी। रंग बिरंगी रोशनी, झंडे, चरनी और क्रिसमस ट्री को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कैरिल र्सिंगग के बाद बच्चों ने तमाम कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम के बाद मसीह समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाब का फूल देकर विश किया गया। मैथोडिस्ट चर्च के साथ ही जीएफ कॉलेज के सामने बने चर्च, एनटीआई और रोजा में स्थित चर्च में भी प्रभु यीशु के आगमन पर प्रार्थना सभाएं हुईं।
मसीह समाज के लोगों को ही मिली चर्च में एंट्री, गेट पर तैनात रही पुलिस
कोविड-19 की वजह से चर्च में भीड़भाड़ इकट्ठा न हो इसके लिए पहले ही चर्च और प्रशासन ने तैयारी कर ली थी। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे से चर्च में प्रार्थना सभा व अन्य कार्यक्रम शुरू हुए। जिसमें सिर्फ मसीह समाज के लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई। दूसरे समुदाय के लोगों को चर्च के गेट पर ही रोक लिया गया। हालांकि उनके द्वारा लाए गए गुलाब के फूल और मोमबत्तियों को चर्च के स्टाफ द्वारा ले लिया गया। चर्च में जाकर प्रार्थना करने का मौका न मिलने पर लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
सेंटा के कपड़ों में सजे बच्चे, युवाओं में सेल्फी लेने की रही होड़
क्रिसमस पर अपने नन्हे-मुन्ने बच्चों को सेंटा क्लॉज की ड्रेस पहनाकर तमाम अभिभावक चर्च पहुंचे। तमाम युवक-युवतियां भी चर्च आए। प्रार्थना सभा व रंगारंग कार्यक्रमों के समापन के बाद चर्च परिसर में युवाओं में सेल्फी लेने की होड़ देखी गई। चर्च के सामने खड़े होकर भी लोगों ने फोटो खिंचवाएं। जिससे सोशल मीडिया पर क्रिसमस की खुशी को शेयर किया जा सके।
ट्रेनी ऑफिसर ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
शहर के सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चर्च के गेट पर ही पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रही। जिससे कोई भी नॉन क्रिश्चियन चर्च के अंदर न जा सके। इसके साथ ही ट्रेनी ऑफिसर अंजनी कुमार ने सदर थाने के दरोगा मंगल सिंह के साथ चर्च की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पूरे दिन चला क्रिसमस की बधाइयों का दौर
शुक्रवार को पूरे दिन क्रिसमस की बधाइयां दौर चला। सोशल मीडिया जहां लोगों ने पोस्ट डालकर बधाइयां दी, तो वहीं मसीह समाज के लोगों ने अपने संबंधियों व मित्रों को फोन पर भी क्रिसमस की बधाई दी। घरों में भी क्रिसमस का त्योहार मनाया गया। प्रभु यीशु के जन्मदिवस पर बच्चों व युवतियों ने कैंडल जलाई।