पुवायां में दिव्यांग की जांच करते डॉक्टर। संवाद
पुवायां। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत बुजुर्गों और एडिप योजना के तहत दिव्यांगजनों को निशुल्क सहायक उपकरणोंं के लिए चयनित करने के लिए लगाए गए कैंप का राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
पुवायां ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित कैंप में डॉक्टरों और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण कानपुर (एलिमको) की टीम ने दिव्यांगों की जांच करके उन्हें उपकरण के लिए चिह्नित किया। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने कहा कि अभी जनपद के सभी ब्लॉकों में कैंप का आयोजन करके दिव्यांगजनों को उपकरण के लिए चयनित किया जाएगा।
इसके बाद सभी ब्लॉकों में उपकरण वितरित किए जाएंगे। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। शिविर में 93 दिव्यांगजन और वयोश्री योजना के तहत 25 बुजुर्गों का पंजीकरण किया गया।
शिविर में डॉ. अनिल मांझी, डॉ. राजू कुमार, डॉ. राजकिशन गुप्ता ने दिव्यांगजनों की जांच की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख नीलम देवी के पति सुरजन लाल, राजेश वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी मौजूद रहे।