थाना निगोही क्षेत्र गांव भूरखेड़ा में शनिवार शाम प्रधान के चुनाव की रंजिश में कुछ लोगों ने किशोर को पीट-पीटकर बेदम कर दिया। हमलावरों ने उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर भाग गए। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस बेहोश किशोर और उसके पिता को लेकर थाने पहुंची। किशोर के होश में आने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। गांव भूरखेड़ा निवासी रामपाल ने बताया कि प्रधान पद के चुनाव में कुछ लोग उस पर एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे थे। बात नहीं मानने पर वे उससे रंजिश मानने लगे। आरोप है कि इसी रंजिश में गांव का ही विजय वर्मा शनिवार शाम उसके घर के दरवाजे के सामने शराब के नशे में आया और गालियां देने लगा। जब उसने विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर वह जान से मारने की धमकी देकर चला गया। रामपाल के मुताबिक, शाम लगभग 7.30 उसका 14 वर्षीय बेटा संतोष खेत में शौच करने गया तो वहां विजय वर्र्मा ने अपने एक साथी की मदद से पकड़ लिया और पिटाई करनी शुरू कर दी। बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा तो उसका बेटा बेहोश पड़ा मिला। हमलावर भाग चुके थे। बेटे की गर्दन पर निशान थे। थानाध्यक्ष अवनीश यादव ने बताया कि मामले मेें एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। किशोर को मेडिकल के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।