सीतापुर और लखीमपुर खीरी के मैगलगंज और महोली रेलवे स्टेशनाें के बीच में एक ट्रक शनिवार की रात को मालगाड़ी के इंजन से टकरा गया। इससे ट्रक के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही मालगाड़ी का इंजन भी खराब हो गया। इस वजह से सीतापुर ब्रॉडगेज लाइन रात में करीब चार घंटे तक बाधित रही।
शनिवार रात को सीतापुर ब्रॉडगेज लाइन पर रोजा के लिए मालगाड़ी (भूलटैंक) आ रही थी। रात करीब सवा दस बजे मैगलगंज और महोली रेलवे स्टेशनाें के बीच स्थित 37 (सी) रेलवे क्रॉसिंग पर उत्तर दिशा की ओर से आ रहे ट्रक ने बैरियर तो टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसी दौरान ट्रक उधर से गुजरी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। दुर्घटना होने से पहले ही ट्रक चालक वहां से भाग गया। इससे मालगाड़ी का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मालगाड़ी वहीं खड़ी हो गई।
इसकी सूचना मिलने पर वहां रेल यातायात प्रभावित हो गया। इसी दौरान जेसीबी से रेलवे ट्रैक पर पड़ा ट्रक का मलबा वहां से हटा दिया गया। मालगाड़ी के इंजन को मौके पर चालू करके मैगलगंज तक लाया गया, जहां से इंजन बदल दिया गया। इसके बाद शनिवार की रात करीब ढाई बजे रेल यातायात बहाल किया जा सका।