आखिरी लोकेशन 18 दिसंबर को सुबह 6:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के आसपास मिली
गाजियाबाद के इंद्रापुरम थाने में दी गई मामले की तहरीर
नगर के मोहल्ला कुंवरगंज निवासी सराफ नितेश गुप्ता दो दिन पहले दिल्ली से तिलहर लौटते वक्त रास्ते से लापता हो गए। उनकी आखिरी लोकेशन दिल्ली एयरपोर्ट के पास मिली है, जबकि उन्होंने परिवार को यह बताया था कि हापुड़ तक पहुंच गए हैं। इसके बाद से उनके दोनों मोबाइल फोन बंद हैं। इस मामले में पहले तिलहर थाने में तहरीर दी गई लेकिन घटना दिल्ली से लौटते समय रास्ते में हुई, इसलिए मामले की तहरीर गाजियाबाद के इंद्रापुरम थाने में दी गई।
मोहल्ला कुंवरगंज निवासी आढ़ती स्वर्गीय राजेश कुमार गुप्ता के बड़े बेटे अमित गुप्ता दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में सर्विस करते हैं। छोटा बेटा 24 वर्षीय नितेश गुप्ता उर्फ दीपक सराफा कारोबारी हैं। उनके बड़े भाई अमित ने बताया कि नितेश 16 दिसंबर की रात उनसे मिलने दिल्ली आए थे। 17 दिसंबर की रात 9:30 बजे कौशांबी डिपो की एसी बस से वह तिलहर के लिए चल दिए। रात 11 बजे नितेश की भाभी ने मोबाइल पर पूछा था कि कहां पहुंचे गए हो, तब नीतेश ने हापुड़ के आसपास पहुंचने की जानकारी दी थी। 18 दिसंबर को सुबह वह तिलहर नहीं पहुंचे। तब परिजनों को चिंता हुई। तिलहर में मां सरोज गुप्ता व बहन अमीषा ने दिल्ली फोन करके भाई अमित को बताया कि नितेश अभी नहीं पहुंचे हैं। इस पर अमित भी घबरा गये और वह दिल्ली से लोकेशन लेते हुए भाई की तलाश करते हुआ तिलहर तक आए। उन्होंने रास्ते में दिल्ली रूट पर आने-जाने वाली और भी कई बसों के चालकों-परिचालकों से जानकारी की लेकिन कुछ पता नहीं चला। तब अमित और उनके परिजनों ने तिलहर थाने पर संपर्क किया। इस पर कोतवाल रजी अहमद ने उनके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवाया, तब नीतेश की लोकेशन 18 दिसंबर की सुबह 6:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के पास मिली। इसके बाद उनके दोनों फोन बंद मिले। दिल्ली के आसपास लोकेशन मिलने पर अमित परिजनों के साथ दिल्ली लौट गए हैं। अमित ने बताया कि उसकी पत्नी कृति ने गाजियाबाद के कौशांबी थाने में भाई नीतेश गुप्ता के लापता होने की तहरीर दे दी है। अमित ने बताया कि उनकी रंजिश किसी से नहीं है।
मामला मेरे थाने का नहीं है, घटना दिल्ली-कौशांबी की है। इसलिए परिवार के लोगों ने गाजियाबाद के इंद्रापुरम थाने में तहरीर दी है। जहां पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रजी अहमद, कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी