असलाह बनाने के उपकरण भी सदर पुलिस ने किए बरामद
सदर कोतवाली पुलिस ने गर्रा नदी के किनारे रमेश के खेत में तमंचे बना रहे दो लोगों को सोमवार रात नौ बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में बने व अधबने तमंचे और रायफल बरामद की हैं। असलाह बनाने के औजार भी पुलिस को मिले हैं।
एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि सीओ सिटी सुमित शुक्ला के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा, एसएसआई रामनरेश यादव पुलिस टीम के साथ सोमवार रात नौ बजे गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि कुछ लोग गर्रा नदी किनारे शहबाजनगर क्षेत्र में रमेश के खेत तमंचे बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रमेश के खेत में दबिश देकर मौके से थाना निगोही क्षेत्र के गांव भूडख़ेड़ा निवासी नरेश उर्फ लंबू और थाना कांट क्षेत्र के गांव खुलौली निवासी पप्पू उर्फ कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने 13 देशी तमंचे 12 बोर व दो जिंदा कारतूस, एक देशी रायफल 315 बोर, दो अधबने तमंचे, तमंचों की नाल, ड्रिल मशीन, धौकनी, आरी ब्लेड, हथौड़ा, रेती, संडासी, चूड़ी कटर, बरमे, छेनी आदि सामान भी बरामद कर लिया। एसपी केबी सिंह ने सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम दिए जाने की घोषणा की है। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए नरेश पर शहर के मोहल्ला खटकाना निवासी राकेश की हत्या का आरोप है। इस मामले में यह छह वर्ष पहले जेल जा चुका है, जबकि इसके साथी पप्पू को थाना रामचंद्र मिशन पुलिस वर्ष 2016 में तमंचे में जेल भेज चुकी है।