लड़की ने परिजनों को बेेहोश कर प्रेमी को बुलाया था घर
पिता के जागने पर तड़के खुला राज, प्रेमी को पीटा, हालत नाजुक
घर के लोगों को नशे की गोलियां देकर उन्हें बेहोश करने के बाद एक किशोरी ने प्रेमी को घर बुला लिया। रात तीन बजे लड़की के पिता की आंख खुली तो उसने पुत्री के प्रेमी को घर में ही पकड़ कर उसको पीटने के बाद उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टर ने उसे बरेली रेफर कर दिया है।
मामला नगर क्षेत्र का है। यहां एक लड़की का पास के ही मोहल्ले के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शनिवार को लड़की ने योजना के तहत परिवार के लोगों को खाने में नशे की गोलियां मिला दे दीं। जिससे घरवाले गहरी नींद में सो गए। इसके बाद उसने प्रेमी को घर बुला लिया। सुबह लगभग तीन बजे नशा हल्का होने पर लड़की के पिता की आंख खुल गई। आहट होने पर उसने पुत्री के प्रेमी को घर में ही दबोच लिया और पत्नी को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर युवक को लाठी-डंडे से जमकर पीटने के बाद दूसरी मंजिल से उसे नीचे फेंक दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहल्ले वालों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक को निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बरेली ले जाने की सलाह दी है। युवक ने बताया कि उसे लड़की ने यह कहकर बुलाया कि उसने अपने परिजनों को नींद की गोली दे दी हैं। थाना पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।