फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चोरों ने दो दुकानों से लाखों का माल उड़ाया

Fri, 21 Apr 2017 12:26 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शाहजहांपुर
विज्ञापन
चोरी - फोटो : शाहजहांपुर ब्यूरो
विज्ञापन
सदर थाने से बमुश्किल दो सौ मीटर की दूरी पर बुधवार रात चोरों ने गोविंदगंज मार्केट में दो रेडीमेड दुकानों में नकब लगा लिया। चोर यहां से नगदी सहित लाखों का माल बटोर ले गए। वारदात की जानकारी सुबह दुकान खोलने पर हुई। फॉरेंसिक टीम ने चोरों की सुरागरसी के लिए मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की तहरीर दी गई है। सीओ सिटी ने भी मौका मुआयना कर वारदात का शीघ्र खुलासा करने का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन

थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर कॉलोनी निवासी नरेश अरोड़ा की दुकान अरोड़ा फुट वियर के नाम से गोविंदगंज मार्केट में क्रिश्चियन गर्ल्स हायर सेकेंड्री स्कूल के पास है। इसी लाइन में मनोज खुराना की भी दुकान खुराना हौजरी के नाम से है। बुधवार देर रात दोनों लोग अपनी दुकानें बंद करके घर चले गए। रात में किसी समय चोर स्कूल के अंदर चहारदीवारी फांदकर पहुंच गए और दोनों दुकानों में पीछे से नकब लगा दी। नरेश अरोड़ा की दुकान से चोरों ने एक लाख सात हजार की नकदी और लगभग 50 हजार रुपये कीमत के जूते, डेढ़ लाख रुपये कीमत की टी-शर्ट, एलईडी टीवी चोरी कर लिया। मनोज खुराना की दुकान से चोर लगभग 15 हजार रुपये कीमत के रेडीमेड के कपड़े चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे नरेश अरोड़ा ने जब दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीछे की दीवार में नकब लगी थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान से नकदी, जूते, टी-शर्ट आदि सामान गायब था। उन्होंने आसपास के व्यापारियों को चोरी की जानकारी दी तो सभी लोग सकते में आ गए। कुछ देर बाद मनोज खुराना दुकान खोलने पहुंचे तो उनकी दुकान में भी पीछे से नकब लगी थी और रेडीमेड के कपड़े गायब थे। सूचना पर सदर पुलिस टीम के साथ सीओ सिटी अवनीश्चर चंद्र श्रीवास्तव भी पहुंचे और मौका मुआयना कर वारदात की जानकारी ली। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से फिंगर प्रिंट लेकर साक्ष्य जुटाए।   

डीवीआर भी उठा ले गए चोर
चोर इतने शातिर थे कि उन लोगों ने दुकान में अपनी समझ से कोई सबूत नहीं छोड़ा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए वारदात की कैद हो रही फुटेज पर जब उनकी नजर पड़ी तो वह दुकान के अंदर से डीवीआर भी उठा ले गए।
विज्ञापन


दस साल पहले भी इसी तरह से हुई थी चोरी
क्रिश्चियन गर्ल्स हायर सेकेंड्री स्कूल के अंदर से चोरों ने दस साल पहले बहल इलेक्ट्रानिक की दुकान में भी इसी तरह से नकब लगा दी थी और लाखों का सामान बटोर ले गए थे। व्यापारियों के मुताबिक पुलिस इस वारदात का पर्दाफाश नहीं कर पाई। 

सदर बाजार थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें: एक नजर में
22 मार्च को एसपी कॉलेज के पास मोबाइल शॉप में नकब लगाकर लाखों का माल चोरी हो गया। 
3 अप्रैल को चिनौर में चोरों ने सुरेंद्र के मकान का ताला तोड़कर लाखों का माल-जेवर चोरी कर लिया।
4 अप्रैल को चिनौर में जयंती वर्मा के घर का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित लाखों का माल ले गए।
18 अप्रैल को शहर के मोहल्ला एमनजई जलालनगर में अंग्रेजी शराब की दुकान से 1.40 लाख की चोरी।

वर्जन-
मैंने मौका मुआयना कर वारदात की जानकारी ली है। दो दुकानों में नकब लगाकर चोरी हुई है। चोरों की सुरागरसी की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

- अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव, सीओ सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें