कोतवाली क्षेत्र में बरेली मोड़ स्थित कांशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 88 में रहने वाले गौहर शाह के 10 वर्षीय बेटे फुरकान के मामूली बात पर पड़ोसी युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कांशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 88 में रहने वाले गौहर शाह का 10 वर्षीय बेटा फुरकान शुक्रवार की सुबह अपने आवास की छत पर पतंग उड़ा रहा था, तभी उसके हाथ से धागा बंधा हुआ लंगड़ पड़ोसी सुनील पर गिर गया गया। सुनील ने छत पर पहुंचकर फुरकान के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल फुरकान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहे डॉक्टर के मुताबिक फुरकान के सिर में गंभीर चोट आई है। गौहर शाह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। मोहल्ले वालों के मुताबिक आरोपी सुनील सनकी है। वह आए दिन लोगों से झगड़ा करता रहता है।