दलित किशोरी से रेप करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
मदनापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते मार्च माह में 14 वर्षीया दलित किशोरी को अगवाकर उसे दो दिनों तक बंधक बनाकर रेप करने के बाद से फरार हिस्ट्रीशीटर बालिस्टर यादव उर्फ बाटू (38) को बीती रात पुलिस ने बंधु नगरिया मंदिर के पास धर दबोचा। मौके पर अपने को घिरता देखकर इसने पुलिस पर फायर भी झोंका लेकिन क्राइम ब्रांच और मदनापुर थाने की पुलिस टीम सूझबूझ से खुद को बचाते हुए इसे हिरासत में लिया। इसके खिलाफ पीड़िता की ओर से बीते 15 मार्च को आईपीसी की धारा 342 और 376 के साथ ही पाक्सो एक्ट एवं एससीएसटी एक्ट के तहत थाने में केस दर्ज हुआ था। पीड़ित ने अपने साथ हुए दुराचार की पूरी कहानी मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान में दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने बाटू को कोर्ट में पेश किया जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस शातिर पर पहले से ही हत्या, लूट, मारपीट आदि के 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दलित किशोरी से दुराचार के बाद से फरार हिस्ट्रीशीटर पर एसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था कि इसका सुराग देने को वह पुरस्कार दिया जाएगा। घटना के बाद भयाक्रांत पीड़ित परिवार की सुरक्षा में एसपी ने एक एसआई और दो सशस्त्र सिपाहियों को लगाया गया था। फिर भी परिचितों के मार्फत बाटू बीते कुछ दिनों से लगातार पीड़ित परिवार को सुलह करने के लिए धमका रहा था और दबाव बना रहा था। पुलिस टीम को यह जानकारी मिली तो आरोपी के घर थाने से वर्दीधारी तलाश में पहुंचे। उस बात की जानकारी मिलने पर बाटू ने मदनापुर एसओ के मोबाइल पर बुधवार शाम को संपर्क किया और काल कनेक्ट होते ही अपना परिचय देते हुए इसने एसओ को धमकाया कि घर पर कैसे गए, अगले 24 घंटे में ट्रांसफर करा देगा। इसी मोबाइल काल पर तत्काल क्राइम ब्रांच की टीम ने सर्विलांस की मदद से हिस्ट्रीशीटर का लोकेशन हासिल किया और साझी टीम ने वहां दबिश दी। बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि बाटू ने अपने घर के पास एक कमरे में दो दिन तक बंद रखकर लगातार यौन शोषण करता रहा। लड़की किसी तरह शौच के बहाने खिड़की से कूदकर निकल भागी और घर पहुंचकर परिवारवालों को आपबीती सुनाई। फिर परिवारवालों ने काफ ी साहस जुटाकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। प्रेसवार्ता में सीओ सदर आदेश त्यागी भी मौजूद थे।
20 साल से आतंक मचा रखा है बाटू
मदनापुर। थाना क्षेत्र के गांव सुजावलपुर निवासी बाटू उर्फ बालिस्टर पुत्र विशाल यादव एक हिस्ट्रीशीटर है। इसका हिस्ट्रीशीट नंबर 52 ए है। इसके खिलाफ जनपद के थाना मदनापुर व अन्य आस पास के थाना में कुल 20 संगीन अपराध पंजीकृत किये गये हैं। इसके खिलाफ पहला आपराधिक मुकदमा अक्तूबर 1994 को थाने में पंजीकृत हुआ था। तब से उसने क्षेत्र में आतंक मचा रखा था। लोग इसके खिलाफ पुलिस से शिकायत करने में घबराते थे। एसपी सिटी राजेश कुमार ने कहा कि इसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में भय एवं अशांति के माहौल से लोगों को राहत मिली है।