झांसा देकर दो लोगों से 38 हजार ठगे
एसबीआई की घंटाघर शाखा में मिले ठगों ने एक व्यापारी के नौकर से 28 हजार रुपये और एक व्यापारी के बेटे से 10 हजार रुपये झांसा देकर ठग लिए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन ठगों का कोई सुराग नहीं मिला। घंटाघर के पास दीप ग्लास इंपोरियम के मालिक पंकज ने अपने नौकर मोहन को बृहस्पतिवार को दिन में 28 हजार रुपये जमा करने के लिए एसबीआई के घंटाघर शाखा में भेजा था। वहीं मशीनरी मार्केट में खान बैरिंग स्टोर के मालिक आरिफ ने भी अपने बेटे फरमान को 10 हजार रुपये जमा करने के लिए उसी शाखा में भेजा। बैंक में मोहन और फरमान को दो ठग मिल गए। उन्होंने बताया कि उनके पास चोरी के दो लाख रुपये हैं। वह बैंक में रुपये जमा करेंगे तो पकड़ जाएंगे। इसलिए उनके पास से जो रुपये हैं वह वे दोनों लोग लेकर अपने वाले रुपये उन्हें दे दें। यह बात करते हुए एक ठग मोहन को बैंक के सामने वाली गली में ले गया। वहीं दूसरा ठग फरमान को बैंक के पीछे दुर्गा बेकरी के पास ले गया। ठगों की बातों में फंसकर दोनों ने अपने-अपने रुपये की गड्डी उन्हें दे दी और ठगों ने रुमाल में बंधी गड्डी उन्हें पकड़ा दी। इसके बाद दोनों ठग रफूचक्कर हो गए। ठगों के जाने के बाद दोनों रुमाल खोलकर देखा तो उसमें कागज गड्डी थी। ठगी का शिकार होने के बाद दोनों ने अपनी दुकान में सूचना दी। यह सुनते ही मोहन के मालिक पंकज और फरमान के पिता आरिफ मौके पर पहुंच गए और पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने ठगों को तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ सफलता नहीं मिली। बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर पुलिस ठगों को पहचान करने का प्रयास कर रही है।