क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री 19 फरवरी को एक कालेज में प्रयोगात्मक परीक्षा देने पुवायां गई थी। रास्ते में खीरी के थाना मोहम्मदी के गांव झारा खेमपुर के सोनू, रामू, रामसनेही, रामसनेही की पत्नी, ब्रजेश कुमार, रोहित और बंडा के गांव बिराहिमपुर निवासी सरनाम ने लड़की का अपहरण कर लिया और चार पहिया वाहन में डालकर ले गए।
महिला के अनुसार अपहरण के बाद मौका पाकर लड़की ने फोन कर उसे जानकारी दी और बचाए जाने की गुहार की। उसने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। तहसील दिवस में अधिकारियों और सीओ को पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर वह एसपी से मिली। एसपी ने पुवायां पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। महिला ने पुत्री को शीघ्र बरामद कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि उसे आशंका है कि आरोपी लड़की को जिस्म फरोशी के धंधे में ढकेल सकते हैं और पुत्री की हत्या भी कर सकते हैं।