फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनी को जमीन निगल गई या आसमान

Sat, 05 Nov 2016 12:23 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिंधौली के गांव दिवाली की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनी का शुक्रवार को भी कोई पता नहीं चल सका। सोनी की हत्या कर लाश खेत में गाड़ने की बात कहने वाले उसके प्रेमी तसलीम से पुलिस शुक्रवार को भी खास जानकारी नहीं उगलवा सकी। सोनी के गांव दीवाली के लोगों में बेहद रोष है। मालूम हो कि सोनी 28 अक्तूबर को घर से साढ़े चार लाख रुपये लेकर गायब हो गई थी। पिता की ओर से इस मामले में गांव वाईकुआं के तसलीम और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तसलीम से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसने अपने साथी पुवायां के छोटू गुप्ता के साथ रकम छीनने के बाद सोनी की हत्या कर दी और शव गांव चांदापुर निवासी जुल्फिकार के खेत में गाड़ दिया है। 
विज्ञापन

पुलिस तीन दिन से जुल्फिकार के खेत को जेसीबी से खुदवा रही है लेकिन अभी तक सोनी का न तो शव बरामद कर सकी है और न ही उसके बारे में कोई जानकारी हासिल कर सकी है। शुक्रवार को भी जुल्फिकार के खेत में जेसीबी से खुदाई कराई गई, लेकिन सोनी के शव का पता नहीं चलने पर खेत में पानी भरने की तैयारियां कर ली गई हैं। पुलिस का मानना है कि खेत में पानी भरने से जिस स्थान पर सोनी को दफन किया गया होगा वहां गड्ढा हो जाएगा और शव का पता लग सकेगा।  
तसलीम के मेडिकल स्टोर की ली तलाशी 
पुवायां। तसलीम के सोनी की हत्या और शव खेत में गाड़ने की स्वीकारोक्ति के बाद से पुलिस शव बरामद करने के लिए मशक्कत कर रही है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण इलाके में लगातार तनाव बढ़ रहा है। शुक्रवार को पुलिस ने तसलीम के मेडिकल स्टारे के ताले तुड़वाकर जांच की लेकिन वहां से भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा। 
विज्ञापन

तसलीम का पुवायां में शाहजहांपुर रोड पर चंदा मेडिकल स्टोर है। तसलीम के पकड़े जाने के बाद से ही मेडिकल स्टोर बंद है। शुक्रवार को सिंधौली के कोतवाली प्रभारी भारत कुमार गौतम, सोनी के गायब होने के मामले के विवेचक अशोक पाल गांव वाईकुुआं के रहीसुद्दीन को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पर पुहंचे और दुकान के ताले तुड़वाकर जांच की लेकिन पुलिस कोई साक्ष्य हाथ नहीं लगा सका। 
सिंधौली पुलिस की लापरवाही से बिगड़ा मामला
सोनी की हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस अब शव की तलाश में रातदिन एक किए है, लेकिन पहले पुलिस ने मामले को बेहद हल्के में लेते हुए कार्रवाई ही नहीं की थी। यदि पुलिस सोनी के पिता की तहरीर पर तत्काल हरकत में आती तो पुलिस को शव बरामद करने में इतनी मशक्कत नहीं करनी पड़ती।
सोनी के पिता ने बताया कि 28 अक्तूबर की रात सोनी के जाने के बाद उन लोगों ने अपने तौर पर 29 अक्तूबर तक सोनी की तलाश की। पता नहीं चलने पर 30 अक्तूबर को सिंधौली थाने जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया। 31 अक्तूबर को सिफारिशों के बाद बमुश्किल रिपोर्ट दर्ज की गई, लेकिन तसलीम को पकड़ने और पूछताछ करने में हीलाहवाली बरती जाती रही। तसलीम के अनुसार उसने दोस्त के साथ मिलकर 29 अक्तूबर की रात में ही सोनी की व्हील पाना से सिर पर वार कर हत्या कर दी थी और शव को गाड़ दिया था। ऐसे में यदि पुलिस 30 अक्तूबर को मिली तहरीर पर त्वरित कार्रवाई कर तसलीम से पूछताछ करती तो ताजा मामला होने के कारण तसलीम शव गाड़ने की जगह आसानी से बता सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। 
पुवायां। सोनी के गांव दीवाली के लोग पुलिस की लापरवाही और सोनी का पता नहीं चलने से बेहद आक्रोशित हैं। गांव के लोगों का कहना है कि एसपी ने चार नवंबर तक मामले के खुलासे की बात कही थी लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है। पुलिस आरोपी से गंभीरता से पूछताछ नहीं कर रही है, जिस कारण वह पुलिस को बरगला रहा है।
शुक्रवार को सीओ अरुण कुमार गांव पहुंचे और सोनी के परिवार के लोगों से बात की। इस दौरान सोनी के घर गांव के तमाम लोग जमा थे। सीओ ने मामले में कोई खुलासा करने के लिए एक दिन का समय और मांगा तो गांव के लोगों ने हंगामा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी श्ुारू कर दी। इस पर सीओ गांव से चले आए। गांव के लोगों ने कहा कि अब और समय नहीं दिया जाएगा, वह लोग आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। गांव दीवाली के प्रधान प्रेमराज ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले से केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज को अवगत कराया था। कृष्णाराज ने एसपी का दिया समय देख लेने को कहा था। अब समय पूरा हो गया है। वह शुक्रवार रात फिर से कृष्णाराज से बात कर पूरे मामले से अवगत कराएंगे। गायब किशोरी की मां ने कहा कि पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वह न्याय के लिए कोई आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पीएसी तैनात
पुवायां। गांव दीवाली के लोगों के आक्रोश को देखते हुए गांव से पुवायां शाहजहांपुर जाने वाले रास्ते पर स्कूल में पीएसी तैनात कर दी गई है। गायब किशोरी के घर एक दरोगा और एक सिपाही तैनात किया गया है। सीओ अरुण कुमार भी दिन भर में कई बार गांव पहुंचे और स्थित का जायजा लिया। 
तसलीम के पड़ोसी का घर भी खोदा
पुवायां। तसलीम के मकान के पड़ोस में उसके रिश्ते के चाचा कबीर का मकान है। तसलीम के पकड़े जाने के बाद से कबीर परिवार सहित गायब है। पुलिस ने शक के आधार पर मकान को खुलवाया तो एक तख्त के नीचे ईंटें बिछी मिलीं। पुलिस ने ईंटे हटवाकर खुदाई कराई लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लग सका।
1.86 लाख की नगदी बरामद
पुवायां। सोनी के परिवार के लोगों ने दर्ज कराई रिपोर्ट में जिक्र किया है कि सोनी अपने साथ साढ़े चार लाख रुपये की नगदी ले गई है। पुलिस ने बताया कि तसलीम की निशानदेही पर उसके घर से 1.86 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। तसलीम के अनुसार शेष रकम उसके साथी छोटू गुप्ता के पास है। सीओ अरुण कुमार ने रुपये बरामद होने की पुष्टि की है। 
  छोटू गुप्ता की तलाश में ढिलाई
पुवायां। तसलीम के अनुसार उसने अपने दोस्त पुवायां के छोटू गुप्ता के साथ मिलकर सोनी की हत्या कर शव गायब किया है। तसलीम तो पुलिस गिरफ्त में है, लेकिन पुलिस छोटू गुप्ता को उतनी गंभीरता से तलाश नहीं कर रही है। पुलिस ने छोटू के पुवायां स्थित होटल पर छापेमारी कर उसके पिता और भाई को उठाया था, लेकिन इसके बाद भी छोटू का पता नहीं चल रहा है।  लोगों का मानना है कि यदि छोटू पुलिस के हत्थे चढ़ जाए तो उससे पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें