मोहल्ला तरती बाजार से मंगलवार सुबह गायब हुई नन्हेंलाल की 30 वर्षीय पत्नी प्रीति और आठ वर्षीय पुत्र नितिन का शव बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ले के पास ही एक तालाब में उतराते पाए गए। पोस्टमार्टम में मौत की वजह पानी में डूबना बताया गया है, जिसके आधार पर पुलिस इस मामले को पूरी तरह आत्महत्या का मान रही है। वहीं पति नन्हेंलाल और उसका बड़ा भाई मोहल्ला छाबनी के एक युवक और उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हत्या की बात उठने के बाद इसके पीछे तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं।
शादी-बारात में कारीगर के रूप में काम करने वाले नन्हेंलाल के यही एकमात्र संतान नितिन था। अब तक सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक प्रीति मंगलवार सुबह नितिन के साथ शौच को जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसके बाद से मां-बेटे घर नहीं पहुंचे थे। काफी देर इंतजार करने के बाद नन्हेंलाल ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर मंगलवार को ही पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। फिर बुधवार को उसने मोहल्ला छावनी के एक युवक और उसके दोस्त पर पत्नी और पुत्र को गायब करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। अवैध संबंधों के आरोप में घिरे उस युवक को पुलिस थाने लाई, लेकिन पूछताछ के बाद शाम को उसे छोड़ दिया गया।
बृहस्पतिवार को लोग शौच के लिए तालाब के किनारे गए तो युवती और बच्चे का शव पानी में उतराते देखा। तुरंत ही इलाके में खबर फैल गई। जानकारी पाकर नन्हेंलाल भी मौके पर पहुंचा और शवों की शिनाख्त पत्नी-बेटे के रूप में की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव तालाब से निकलवाए। युवती का एक हाथ पुत्र के हाथ से कपड़े की बनी रस्सी से बंधा हुआ था। छानबीन के दौरान नन्हेंलाल ने उन्हीं दोनों युवकों पर रंजिशन अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ प्रीति के भाई सर्वेश ने बहनोई नन्हेंलाल पर ही उसकी बहन और भांजे की हत्या करने का आरोप लगाया है। सर्वेश बरेली के किला मोहल्ले का रहने वाला है, जो अपनी बहन-भांजे के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को उसके घर पहुंच गया था।
पुलिस ने इन आरोपों के बीच दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों की मौत डूबने से हुई है। इस आधार पर पुलिस मामले को अब आत्महत्या का ही मान रही है। डॉक्टरों का अनुमान है कि दोनों की मौत दो दिन पूर्व हुई है।
कराई जा रही है जांच
मां-बेटे के शव तालाब में मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- आरपी सिंह यादव, एसपी
आत्महत्या बताने के पीछे ये तर्क हैं पुलिस के
इंस्पेक्टर यतेंद्र भारद्वाज का कहना है कि पोस्टमार्टम से साफ स्पष्ट है कि डूबने से मौत हुई है, मौत से पहले की कोई चोट भी नहीं पाई गई है। हत्या की बात बेवजह की है, क्योंकि युवक के संबंध यदि थे तो उसे तो कोई दिक्कत हुई नहीं थी, तो फिर वह क्यों मारता। वहीं पति भी हत्या नहीं करेगा, क्योंकि कोई भी अपनी इकलौती संतान को नहीं मारता है। वैसे भी कोई नाराजगी थी तो पति नन्हेंलाल की अपनी पत्नी से थी। परिस्थितियों से लगता है कि बेटे का हाथ प्रीति ने इसलिए बांधा होगा, ताकि वह भाग न जाए। दोनों के बंधे होने के कारण उनमें से कोई भी डूबते वक्त वजन के कारण बाहर नहीं आ पाया होगा। पति ने स्वीकार किया है कि उसने युवक के बारे में पता लगने के बाद मंगलवार को पत्नी को डांटा था, उसी के बाद वह घर से बेटे को लेकर चली गई थी।
पत्नी और पुत्र की हुई है हत्या
मेरी पत्नी और पुत्र की हत्या की गई है। उन्हें जबरिया तालाब में डुबाकर मार दिया गया। मैंने पहले ही मोहल्ला छावनी के युवक और उसके साथी पर पत्नी और पुत्र को गायब करने का शक जताया था। पुलिस ने आरोपी को बुधवार शाम छोड़ दिया और बृहस्पतिवार को शव तालाब में मिल गए। पुलिस को हत्या की रिपोर्ट दर्ज करनी चाहिए।
- नन्हेंलाल, मृतका का पति
दो शव मिलने से फैली सनसनी
पुवायां। बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ला छावनी के पास तालाब में मां, बेटे का शव पड़ा होने की जिसे भी जानकारी मिली वह तालाब के किनारे जा पहुंचा। परिवार के लोगों में भी कोहराम मच गया। शव के पास मृतका की चप्पलें भी तैर रही थीं। बाद में काफी मशक्कत के बाद शव तालाब से निकाले जा सके। बारिश के बावजूद मौके पर लोगों की भारी भीड़ रही।
कुछ दिन पूर्व नन्हेंलाल के घर पकड़ा गया था युवक
पुवायां। प्रीति और नितिन की हत्या के आरोप के पीछे जिस युवक का नाम लिया जा रहा है, वह करीब पंद्रह दिन पहले नन्हेंलाल के घर से पकड़ा गया था। पति के अचानक घर पहुंचने पर यह युवक भाग निकला था। पति नन्हेंलाल एक पार्टी में काम करने के लिए बाहर गया था, मगर एक दिन पहले ही घर वापस आ गया था। इसको लेकर दंपति के बीच काफी विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार को मृतका बच्चे के साथ घर से गायब हो गई थी।
बुधवार को नन्हेंलाल ने उक्त युवक के खिलाफ पत्नी और बच्चे को गायब करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। बृहस्पतिवार को दोनों के शव तालाब से मिले तो नन्हेंलाल ने युवक और उसके एक साथी पर हत्या का आरोप लगाना शुरू कर दिया। कारण पूछने पर उसने पुरानी रंजिश बताई, लेकिन रंजिश की वजह बताने से कतराता रहा। मृतका के जेठ ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक नन्हेंलाल के घर पकड़ा गया था। इस कारण रंजिश चल रही थी।