घरेलू सामान, खाद्यान्न और 50 हजार की नगदी भी जली
गांववालों की मदद से दमकलकर्मियों ने आग बुझाई
बहादुरापुर गांव में मंगलवार दोपहर एक घर से उठीं आग की लपटों ने आसपास के छह घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों की मदद से दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई। इस घटना में 50 हजार की नगदी के अलावा घरेलू सामान, खाद्यान्न जल गया। साथ ही तीन मवेशी जिंदा जलकर मर गए।
आग दोपहर के समय सर्वेश के घर से लगी, जिससे घर में रखे तीस क्विंटल गेहूं, तीस हजार रुपये व टेंट का सारा सामान जल गया। आग की लपटों ने पड़ोसी कमलेश का फुटवॉल बनाने का कारखाना भी जल कर राख हो गया। इसके अलावा आग ने नन्हकू के घर को भी चपेट में ले लिया, जिससे उनका घरेलू सामान, गेहूं और भाई मुन्नालाल के रखे बीस हजार रुपये भी जल गए, जो वह पानीपत से कमाकर कल ही घर लाया था। ग्रामीण जब तक आग पर पानी डालते तब तक आग की लपटों ने श्यामपाल के घर को चपेट में ले लिया। इससे उसका घरेलू सामान और रामलड़ैते की भैंस, पड़िया और सत्यपाल की छप्पर में बंधी भैंस भी जल कर मर गई। आग पर गांव के लोगों ने पंपिंग सेट चला कर और बाद में फ ायर ब्रिगेड की गाड़ी ने काबू पाया। मौके पर प्रधान राजीव, लेखपाल रामेश्वर दयाल, कानूनगो आदि ने पहुंच कर लोगों को सरकारी मदद का भरोसा दिलाया।