बीते रविवार को कस्बे के मोहल्ला प्रतापनगर स्थित दो घरो में हुई चोरियों का पुलिस पता भी नहीं लगा सकी थी कि सोमवार रात इसी मोहल्ले में चोरों ने दो घरों को और निशाना बनाते हुये नगदी समेत मोबाइल चोरी कर पुलिस को चुनौती दे दी।
उक्त मोहल्ले के निवासी राजपाल सिंह पीलीभीत में एसआई पद पर तैनात हैं जबकि उनका परिवार यहीं रहता है। बताते हैं कि रात किसी समय छत के रास्ते घर में दाखिल हुये चोर पैंट मे रखी सत्ताइस सौ की नगदी व पास में रखे दो मोबाइल चोरी कर ले गये। सुबह जागने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। दूसरी घटना में चोरों ने इसी मोहल्ले के निवासी तथा इंटर कालेज के शिक्षक पुत्तन लाल शर्मा के घर को निशाना बनाते हुये दो मोबाइल तथा पंद्रह सौ की नगदी चोरी कर ली। दोनो घटनाओं में समानता यह है कि चोर किसी प्री प्लान से नहीं बल्कि मौके पर जो कुछ कुछ हाथ लग गया उसे लेकर भाग निकले। बताते चलें कि रविवार रात चोरों ने इसी मोहल्ले के निवासी अधिवक्ता अरविंद सिंह तथा एक बीडीसी मेंबर विनोद सिंह के घरों को निशाना बनाते हुये नगदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। लगातार दो दिनों से चोरी की हो रही घटनाओं से मोहल्ले के लोग दहशत में हैं।