मंगलवार सुबह घर से गए एक युवक का शव दूसरे दिन शारदा नहर में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव नवाबपुर गंगा निवासी प्रसादीलाल का 32 वर्षीय पुत्र अंकुल कश्यप दिल्ली में रहकर रिक्शा आदि चलाकर परिवार की गुजरबसर करता था। वह कुछ दिन पहले दिल्ली से घर आया था। अंकुल की पत्नी रूबी का आरोप है कि उसके पति को मंगलवार सुबह गांव के ही ओमकार, सूरज और ऊंचागांव कनपारा के होशियार सिंह, गांव आमडार का माजिद बुलाकर ले गए थे। देर शाम तक अंकुल वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की। कोई पता नहीं चलने पर पुवायां कोतवाली आकर गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ऊंचागांव के पास शारदा नहर में एक शव पड़ा हुआ है। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकलवाया। संदेह के आधार पर अंकुल के परिवार के लोगों को बुलाया तो उन्होंने शव की पहचान की। अंकुल का शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रूबी की तहरीर पर ओमकार, सूरज, माजिद, होशियार सिंह के खिलाफ अंकुल को शराब पिलाकर पीट-पीटकर हत्या कर देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर, नामजद कराए गए लोगों ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि अंकुल उनके साथ खेत पर गया था। अंकुल बाद में आने की बात कहकर खेत पर ही रुक गया था। उसकी मौत के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। खास बात यह है कि नहर में पानी काफी कम है। इससे अंकुल की मौत को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। अंकुल की मौत से पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है।