निर्माणाधीन पोस्टमार्टम हाउस से चोरों ने रविवार रात सरिया, सीमेंट आदि सामान चोरी कर लिया। निर्माण एजेंसी के ठेकेदार ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद अजीजगंज डैम रोड पर आधुनिक पोस्टमार्टम भवन निर्माण का काम चल रहा है। ठेकेदार विक्रांत की देखरेख में मजदूर निर्माण काम में लगे हुए हैं। रविवार दिन में काम समाप्त होने के बाद मजदूर और मिस्त्री चले गए। रात में किसी समय चोरों ने पानी का मोटर, टीनशेड, सरिया और सीमेंट की बोरी आदि सामान चोरी कर लिया। सुबह जब ठकेदार विक्रांत ने मौके पर जाकर देखा तो निर्माण सामग्री का कुछ सामान गायब था। यह देखकर उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। उन्होंने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं चौक कोतवाली इंस्पेक्टर हरीश राजपूत ने बताया कि चोरी नहीं हुई है, बल्कि आंधी में टीन उड़ गई।