फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे ट्रैक पर मिला सराफ का शव

Sun, 26 Feb 2017 11:58 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मोहम्मदी मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह युवा सराफ की क्षत-विक्षत लाश मिली। मौके पर पुलिस को मृतक की बाइक, स्विच ऑफ  मोबाइल और कोल्डड्रिंक्स की आधी बोतल मिली। घटनास्थल के पास रेलवे लाइन के किनारे यूरिया की आधा दर्जन बोरियां पड़ी मिलने से मौत की गुत्थी उलझ गई है। फिलहाल रोजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रविवार सुबह रेलवे के स्टेशन मास्टर ने रोजा पुलिस कोे मेमो देकर बताया कि रोजा-शाहजहांपुर के बीच किमी संख्या 1232/16 के पास अप लाइन पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर एसआई आरके सरोज ने शव की पड़ताल की तो जेब से मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त सराफ मुकेश वर्मा निवासी अकब मस्जिद थाना कोतवाली के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से मिले उसके स्विच ऑफ  मोबाइल को चालू कर घरवालों को सूचना दी। मृतक की जेब से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। घटनास्थल के पास  20-20 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक किनारे सुफला यूरिया की भरी बोरियां बरामद होने से मामला रहस्यमय हो गया है। घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के पिता नन्हे लाल ने पुलिस को बताया कि मुकेश सराफा के साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता था। लेनदेन के मामलों में अक्सर शाम को घर से निकलता था। शनिवार की रात करीब आठ बजे वह घर से निकला था। रात 11 बजे तक नहीं आने पर उसकी तलाश की गई, तभी सुबह चार बजे पुलिस से उसका शव रेलवे लाइन किनारे पड़े मिलने की सूचना मिली। 
विज्ञापन

पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों से मौत का जिक्र 
मुकेश वर्मा के शव के पोस्टमार्टम में पाया गया कि उसके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें थीं। सीने के नीचे से शरीर दो हिस्सों में कटा हुआ था। ट्रेन से कटने से ही मौत होने के संकेत हैं। 
हत्या-आत्महत्या में उलझा मामला-सराफ  मुकेश वर्मा की मौत का मामला फिलहाल आत्महत्या और हत्या में उलझ कर रह गया है। मुकेश का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। उसके परिवार की पृष्ठभूमि भी साफ -सुथरी है। ऐसे में मालगाड़ी से खाद की बोरियां चोरी करने के दौरान हादसे को पुलिस सिरे से खारिज कर रही है। पुलिस को मुकेश की मौत का मामला सराफा और रियल स्टेट के कारोबार से जुड़ा होने का भी संदेह है। तीसरा पहलू पुलिस की पूछताछ में यह भी आया है कि मृतक घरेलू कलह से परेशान था और कैंसर रोगी भी था। दो महीना पहले उसकी सर्जरी भी हो चुकी थी। भाई की शादी जाने की बात पर उसका पत्नी से विवाद भी हुआ था। लिहाजा यह अंदेशा भी जताया जा रहा है कि आवेश में आकर उसने आत्महत्या कर ली होगी। उधर, मृतक के पिता ने अपनी पुत्रवधू पर सारी प्रॉपर्टी अपने नाम करवा कर उसे टार्चर करने का आरोप लगाया है। 
विज्ञापन

मोहम्मदी ओवरब्रिज के नीचे सराफ  मुकेश वर्मा का शव मिला है। प्रथम दृष्टया हादसे में मौत होने की संभावना लग रही है। पास ही खाद की बोरियां मिलीं हैं। उन्हें कब्जे में ले लिया गया है। रेलवे संपत्ति के बारे में आरपीएफ  भी अपनी जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।- कमरूल हसन खां, प्रभारी निरीक्षक,रोजा। 
खाद की बोरियों पर थे खून के निशान
रोजा। मोहम्मदी फाटक के पास रेलवे लाइन के किनारे मिलीं यूरिया खाद की बोरियों पर खून के निशान पाए गए हैं। सवाल यह है कि घटना स्थल से पांच मीटर की दूरी पर पड़ी बोरियों पर खून के निशान कैसे आए। रेलवे अभिलेखों के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे मुंबई से सीतापुर के लिए डाउन लाइन से एक मालगाड़ी सुफला खाद की बोरियां लेकर गुजरी थी। इसे रोजा में री-सील किया गया, जिस बैगन को री-सील किया गया वह गार्ड ब्रेक से लगा हुआ था। गार्ड अखिलेश कुमार ने चोरी की घटना से इंकार किया है। रेलवे सूत्रों की मानें तो खाद मंगाने वाले व्यापारी को यदि भेजी गई बोरियों से कम माल प्राप्त होता है तो यह रेल संपत्ति अधिनियम की धारा तीन में दंडनीय अपराध है, लेकिन देरशाम तक व्यापारी ने अपने माल की शार्टेज के बारे में आरपीएफ  को कोई जनकारी नहीं दी है। ऐसे में यदि रेलवे से बोरियां नहीं उतारी गईं तो यह बोरियां कहां से आईं और कौन लोग हैं जो पूरे मामले को गुमराह कर रहे हैं। 
मौके से बरामद खाद की बोरियां रोजा पुलिस के कब्जे में है। हमारे रोजा स्टेशन पर एक बैगन की सील टूटी पाई गई थी। यह जांच का विषय है। पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शार्टेज मेमो आने दीजिए, तभी आगे कुछ बता पाएंगे।- एसपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ  शाहजहांपुर। 
‘साहब मेरा बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता’
रोजा। मोहम्मदी ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर मृत पाए गए मुकेश के पिता नन्हे लाल वर्मा ने पुलिस से फफकते हुए कहा-साहब मेरा बेटा मुकेश आत्महत्या नहीं कर सकता बल्कि वह साजिश का शिकार हुआ है। प्रॉपर्टी और पैसों के लेनदेन में उसकी ससुरालवालों ने साजिश कर हत्या कराई है और आत्महत्या का रूप देने के लिए लाश को रेलवे लाइन पर डाला गया है। मेरे बेटे ने सराफा कारोबार और प्रॉपर्टी डीलिंग से काफी संपत्ति बनाई जो अपनी पत्नी के नाम कर दी है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें