शुक्रवार रात कस्बे के बारहपत्थर चौराहे के समीप गांव सिकंदरपुर के उत्तर दिशा में स्थित एक मकान में घुसे अज्ञात चोरों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर बक्से में रखे लाखों के जेवर चोरी कर लिए सुबह जानकारी होने पर घरवालों ने पुलिस को तहरीर दी। खास बात यह कि डॉग स्क्वॉड लूसी भी सूंघती हुई इस मकान के अंदर तक गई।
गांव सिकंदरपुर निवासी सुभाष पाल के घर में चोरी की घटना घटी। सुभाष नौकरी की तलाश में कुछ दिन पहले ही दिल्ली गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी कमला, बूढ़ी मां और बच्चे थे। गर्मी के चलते वह दोनों भी बच्चों समेत छत पर सोए हुए थे। सुबह जब वे लोग नीचे आये तो कमरे का ताला टूटा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर देखा तो बक्से का ताला टूटा था और उसमें रखी सोने की जंजीर, करधनी समेत अन्य जेवरों के अलावा बर्तन तथा कपड़े आदि मिलाकर करीब डेढ़ लाख की चोरी हो चुकी थी। उधर डकैती की घटना को लेकर पहुंची खोजी कुतिया लूसी घटनास्थल को सूंघने के बाद पास पड़ोस के अन्य मकानों के अलावा सुभाष के मकान के अंदर तक गई। लोगों को कहना था कि क्या चोरी की वारदात को भी उन्ही बदमाशों ने अंजाम दिया?