कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुसैनपुरा में देवस्थान की जमीन पर निकास को लेकर चल रहे विवाद में बुधवार को मोहल्ले वालों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। मंगलवार की शाम हुए विवाद को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने शांत कराकर मोहल्ले वालों और कब्जा करने वाले पक्ष को कोतवाली बुलवाया था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने देवस्थान की जमीन और कब्जे करने का प्रयास कर रहे राजकुमार शुक्ला और मोहल्ले वालों से किसी प्रकार का निर्माण कार्य न कराने का फरमान जारी कर दिया। इससे मोहल्ले वालों का आक्रोश बढ़ गया और नारेबाजी करते हुए कोतवाली से चले गए। बाद में फैसला हुआ कि पुजारी राजकुमार शुक्ला देवस्थान की जमीन पर दरवाजा और खिड़की नहीं बनाएंगे। इसके बाद मोहल्ले वालों का गुस्सा शांत हुआ।
मोहल्ला हुसैनपुरा में रहने वाले विसरात घाट काली देवी मंदिर के पुजारी राजकुमार मिश्रा ने कुछ महीनों पहले ही मोहल्ले में एक मकान खरीदा था। उनके मकान के बाहर देवस्थान बना हुआ है जो कि दशकों पुराना बताया जाता है। मोहल्ले के लोग वहां पूजापाठ करते हैं। पुजारी राजकुमार ने कुछ दिनों पहले अपने मकान का निर्माण कराया और देवस्थान की जमीन से निकलने के लिए दरवाजा लगा दिया। मोहल्ले वालों ने तब भी इसका विरोध किया था। चार दिन से पुजारी दरवाजा लगाकर देवस्थान की जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। जबकि मोहल्ले के लोग देवस्थान को पक्का बनवाकर उसपर चहारदीवारी बनवाना चाह रहे थे। इसी बात को लेकर मंगलवार की शाम दोनों पक्षों में विवाद हो गया। काफी देर चले विवाद में एसडीएम सदर एपी श्रीवस्तव, सीओ सिटी डॉ. कृष्णगोपाल यादव, कोतवाली पुलिस और सदर पुलिस पहुंच गई। देर रात पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने विवाद शांत कराया और सुबह दोनों पक्षों को कागजात लेकर कोतवाली बुलवाया। कागजात देखने पर पता लगा कि पुजारी का मकान सरकारी स्कूल की जमीन पर बना हुआ है। पुजारी राजकुमार कोतवाली नहीं पहुंचे। मोहल्ले वालों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के निर्माण पर रोक लगा दी। इससे मोहल्ले वाले आक्रोशित हो गए और कोतवाली में नारेबाजी करने लगे। इसी बीच कुछ महिलाओं से कोतवाल केके तिवारी की नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने पुजारी के दरवाजे और खिड़की को बंद करा दिया गया। इसके बाद मोहल्ले के लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
देवस्थान पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद का फैसला हो गया है। पुजारी राजकुमार शुक्ला की खिड़की और दरवाजा बंद करा दिया गया है।
- केके तिवारी, इंस्पेक्टर कोतवाली