नगर के लखीमपुर मार्ग पर एक होटल में दो पक्षों के बीच हुई तनातनी के मामले में असलहों सहित पकड़े गए लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। एक पीड़ित की पत्नी ने पुलिस पर एक नेता के दबाव में फंसाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को लखीमपुर रोड स्थित एक होटल से नगर के मनीष गुप्ता, कैमहरा के सुधीर वाजपेयी, विजय वाजपेयी, जितेंद्र वाजपेयी और नीमगांव के करुणाशंकर को तीन रायफल और एक दोनाली बंदूक के साथ और दूसरे पक्ष के हारून निवासी लखनऊ और नसीर निवासी सीतापुर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों पक्षों की व्यावसायिक रंजिश सामने आयी। पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में दोनों पक्षों का बुधवार को चालान भेजा, जबकि बरामद लाइसेंसी असलहे जब्त कर लिए गए हैं।
पति को साजिशन फंसाने का आरोप
गोला गोकर्णनाथ। इस मामले में गिरफ्तार मनीष गुप्ता की पत्नी सोनिका ने आरोप लगाया है कि उनके पति प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। वह एक न्यूज चैनल के रिपोर्टर हैं, उन्होंने एक नेता पर रंजिशन फंसाने का आरोप लगाया है। सोनिका का कहना है कि उसके पति जब साथियों को खाना खिलाने ढाबे पर गए थे तो वहां विपक्षी असलहे लेकर आ गए और झगड़ा करने लगे। षड्यंत्र के अनुसार पुलिस मौके पर पहुंची और उनके पति व साथियों को लाइसेंसी असलहों के साथ कोतवाली ले आई। दूसरे दिन शांतिभंग की आशंका में उनका चालान भेज दिया गया।
बरामद असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी
कोतवाल एके उपाध्याय का कहना है कि पुलिस के मौके पर तत्काल पहुंचने से एक बड़ी घटना होने से बच गई है। दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान भेजा गया है। बरामद असलहों को जब्त कर उनके लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।