पुलिस ने दर्ज की झूठी सूचना देने वाले पर रिपोर्ट
बाइक के विवाद में मामा ने भांजे पर लगाया था आरोप
लूट की झूठी सूचना देने पर सिंधौली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सूचना देने वाला पीलीभीत के गांव निगोना का रहने वाला है।
पीलीभीत के थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव निगोना निवासी रामतीरथ ने बृहस्पतिवार शाम यूपी-100 पर सूचना दी कि पुवायां निगोही मार्ग पर गांव नवाबपुर के पुल पर उसके पास से 16500 रुपये और बाइक लूट ली गई है। लूट की सूचना से सिंधौली और पुवायां पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर यूपी-100 पुलिस का वाहन, पुवायां और सिंधौली कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस बीच रामतीरथ मौके से खिसक लिया।
पुलिस को सिंधौली के गांव आमडार निवासी राजू और जलालाबाद के विकास नवाबपुर पुल पर खड़े मिले। राजू ने पुलिस को बताया कि रामतीरथ उसका मामा है और कुछ दिन पूर्व पंजाब गया था। पंजाब जाते समय रामतीरथ ने अपनी बाइक उसे 16 हजार रुपये में बेच दी थी। बृहस्पतिवार को रामतीरथ बिना रुपये वापस किए बाइक ले जाना चाहता था। उसने विरोध किया तो रामतीरथ ने यूपी-100 पर लूट की झूठी सूचना दे दी। आसपास के लोगों ने भी पुलिस को बताया कि मामा भांजे के बीच बाइक को लेकर विवाद हुआ था। लूट की कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस ने सूचना देने वाले के मोबाइल पर कॉल की तो उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
सिंधौली के कोतवाली प्रभारी केके तिवारी ने बताया कि पुलिस को झूठी सूचना देकर परेशान करने के मामले में कोरोकुइयां चौकी प्रभारी आलोक तिवारी की ओर से रामतीरथ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।