जुल्फिकार के खेत में ही मिला शव
खन्नौत नदी से बरामद हुआ सोनी का पर्स और जेवर
हत्या के नौ दिन बाद सोनी का शव आखिरकार उसी खेत से बरामद हुआ, जिस खेत में तसलीम शव को दफनाए जाने की बात कर रहा था। खेत में पानी भरे जाने के बाद पानी शव दफनाए गड्ढे में पहुंचा तो गड्ढा बहरा हो गया और दुर्गंध आने लगी, इसके बाद शव बरामद हो गया। इधर सोनी के मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बतातें चलें कि सोनी 28 अक्तूबर को घर से चार लाख रुपये लेकर गायब हो गई थी। पिता की ओर से इस मामले में गांव वाईकुआं के तसलीम और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तसलीम से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसने अपने साथी पुवायां के छोटू गुप्ता के साथ मिलकर 29 अक्तूबर को सोनी की हत्या कर दी है और शव को गांव चांदापुर के जुल्फिकार के खेत में दफना दिया है। पुलिस ने तीन दिन तक जुल्फिकार के खेत को जेसीबी से खुदवा कर सोनी की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चलने पर खेत में पानी भरवा दिया था। पुलिस का अनुमान था कि पानी भरने से जिस जगह शव दबाया गया होगा वहां गड्ढा हो जाएगा।
शनिवार को पुलिस ने तसलीम को कोर्ट में पेश किया था। पुलिस ने सोनी का पता लगाने के लिए तसलीम को रिमांड पर दिए जाने की गुजारिश की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए तसलीम को चार दिन के रिमांड पर दे दिया था। उधर पुलिस को रविवार रात बड़ी सफलता तब हाथ लगी जब तसलीम का पुवायां का साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने दोनों को आमने सामने बिठाकर कड़ाई से पूछताछ की तो सोनी हत्याकांड की कड़ी खुलती चली गईं।
खन्नौत नदी में मिला पर्स, जेवर
पुवायां। पुलिस ने रविवार रात तसलीम और उसके दोस्त से कड़ाई से पूछताछ की। दोनों से मिली जानकारी के बाद पुलिस को पता चला कि सोनी का पर्स सिंधौली से आगे खन्नौत नदी के पुल से नदी में फेंका गया है। रात में ही तसलीम और उसके दोस्त से मिली जानकारी एसपी को दी गई। एसपी के निर्देश पर सिंधौली पुलिस ने मिर्जापुर से गोताखोर बुलवाए। सोमवार को गोताखोरों ने सिंधौली से आगे शाहजहांपुर रोड पर खन्नौत नदी के पुलिस के नीचे तलाश कराई तो नदी से सोनी का पर्स बरामद हो गया। पर्स से सोनी की पायल, मंगलसूत्र, पेंडिल आदि बरामद हो गया। सोनी के पिता ने पर्स और पायल आदि की पहचान कर बताया कि पर्स, जेवर सोनी का ही है।
एक महीना पहले ही बना ली थी सोनी की हत्या की योजना
बात कराने के लिए सोनी की मां को दी थी तसलीम ने धमकी
सोनी जिस तसलीम के प्यार में घर छोड़ा था, वह सोनी को जरा भी प्यार नहीं करता था। तसलीम की नजर सोनी को प्यार के सब्ज बाग दिखाकर भारी रकम हड़पने की थी और उसने यह कर दिखाया।
सोनी और तसलीम का प्यार का मामला ज्यादा पुराना नहीं है। लगभग छह महीने चली प्रेम प्रसंग की यह स्टोरी सोनी की मौत के साथ समाप्त हो गई। पुलिस सूत्र बतातें हैं कि पूछताछ में तसलीम ने कबूला कि पड़ोस के गांव में रहने वाली सोनी के परिवार के बारे में उसे जानकारी थी कि परिवार के लोग पैसे वाले हें और गल्ला खरीद का कारोबार करते हैं। इस कारण उसने सोनी को प्रेमजाल में फंसा लिया और उससे कई बार रुपये भी ऐंठे।
एक महीने पहले उसने सोनी के माध्यम से भारी रकम गायब कराने और सोनी से छुटकारा पाने का प्लान बना लिया। दोस्त के साथ बनाई योजना के तहत उसने सोनी को घर से भारी रकम उड़ा लाने के लिए तैयार कर लिया। तय हुआ कि दोनों रुपये लेकर कहीं दूर निकल जाएंगे और वहीं जिंदगी गुजारेंगे। उधर मामले की भनक सोनी के परिवार के लोगों को भी लग गई। सोनी पर अंकुश लगा तो तसलीम ने सोनी की मां को फोनकर सोनी से बात कराने को कहा। उसने सोनी की मां को धमकी भी दी। फोन की घटना के दो दिन बाद सोनी घर से भारी रकम लेकर तसलीम के पास चली गई। जहां तसलीम ने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव खेत में दफन कर दिया। फोन काल के आधार पर ही सोनी के पिता ने तसलीम पर शक जताते हुए रिापोर्ट दर्ज कराई थी। अंतत: पुलिस ने शव बरामद कर प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया।
लाठी डंडे लेकर पहुंचे गांव के लोग, कई थानों की फोर्स तैनात
पुवायां। गांव चांदापुर के जुल्फिकार के खेत से सोनी का शव बरामद होने की जानकारी मिलते ही गांव के लगभग दो सौ लोग लाठी, डंडे लेकर मौके पर जा पहुंचे। पहले से ही चौकस सीओ अरूण कुमार की सूचना पर सिंधौली, बंडा, खुटार और पुवायां के थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे। शाहजहांपरु से क्राइम ब्रांच की टीम और स्वैट टीम को भी मौके पर बुला लिया गया।
शव बरामदगी के बाद गांव के लोग हंगामा करने लगे। कोई गन्ने के खेत में आग लगाने तो कोई आरोपी को फांसी की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगा। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सीओ अरूण कुमार ने लोगों को समझाकर शांत किया। सीओ ने कहा कि पुलिस पहले से ही आरोपी से कड़ाई से पेश आ रही है। शव बरामद हो गया है। अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ को अकेला छोड़ खिसके पुलिसकर्मी
पुवायां। मथुरा के जवाहरबाग का मामला अभी लोगों के जेहन से मटिा नहीं है। यहां एक पुलिस अधिकारी को साथ की फोर्स उपद्रवियों के बीच छोड़कर खिसक लिए थे। सोमवार शाम सोनी का शव बरामद होने के बाद गांव के लोग लाठी डंडे लेकर पहुंचे और हंगामा करने लगे तो तमाम पुलिसकर्मी शव की बदबू से नाक पर रूमाल रखकर मौके से खिसक लिए। भीड़ के बीच अकेले सीओ लोगों को समझाने में लगे रहे।