बीस दिन के पुत्र की झाड़ फूंक कराने सिंधौली गई महिला की अचानक मौत हो गई। जानकारी पाकर सिंधौली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूलरूप से बंडा के मोहल्ला गायत्रीनगर निवासी अनिल कुमार एक वर्ष से परिवार सहित पुवायां के मोहल्ला आनंद वाटिका में रहते हैं। अनिल की 30 वर्षीय पत्नी पूनम शनिवार को अपने 20 दिन के बच्चे को लेकर सूखा रोग की झाड़ फूंक कराने सिंधौली के किसी स्थान पर गई थी। साथ में उसकी 12 वर्षीय पुत्री सुषमा भी थी। सुषमा के अनुसार सिंधौली में बारिश शुरू हो जाने पर वह मां के साथ एक दुकान के टिन शेड के नीचे बैठ गई। अचानक पूनम बेहोश होकर गिर पड़ी। सुषमा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पूनम को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पूनम की मौत की जानकारी घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पत्नी की अचानक मौत होने से अनिल भी हतप्रभ रह गया। अनिल के अनुसार पूनम शनिवार सुबह बच्चे की दवा लेने जाते समय बिल्कुल स्वस्थ्य थी। मृतका अपने पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र को छोड़ गई है।
युवक की संदिग्ध
हालात में मौत
खुटार। गांव छापाबोझी निवासी एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। गांव में चर्चा है कि शनिवार को युवक का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद युवक नाराज होकर घर से चला गया। देर शाम तक उसके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने तलाश की तो युवक का शव गांव के बाहर तालाब के किनारे पड़ा मिला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने युवक का आननफानन में अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है। उधर, कुछ लोगों का कहना है कि युवक शराबी प्रवृत्ति का है और कच्ची शराब पीने से उसकी मौत हुई है।