थाना रोजा क्षेत्र में शुक्रवार को एक पत्नी का सुहाग सड़क हादसे में उजड़ गया। मृतक अपनी पत्नी से मिलकर वापस जा रहा था। करवाचौथ के दिन पति की मौत से पत्नी बेसुध हो गई है। उसे हादसे पर किसी तरह यकीन नहीं आ रहा है।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव शेरपुर सरसवां में रहने वाले 32 वर्षीय धर्मेंद्र वर्मा की आठ साल पहले क्षेत्र के गांव मुड़िया निवासी नीरज से शादी हुई थी। नीरज सालभर से एक वर्षीय बेटे गोलू के साथ मायके में रह रही थी। दोपहर में करीब तीन बजे धर्मेंद्र बाइक से मुकरमपुर बाजार में सौदा खरीदने आया था। नीरज का करवाचौथ का व्रत था, वह भी बाजार आई पूजा का सामान खरीदने आई थी। दोनों की बाजार में अचानक मुलाकात हो गई। दोनों के बीच बातचीत हुई। नीरज ने उसके साथ घर जाने की जिद की तो धर्मेंद्र ने उसे दस दिन बाद घर ले जाने का वादा किया। इसके बाद धर्मेंद्र अपनी बाइक लेकर घर जा रहा था, तभी मुकरमपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंची नीरज पति का शव देखकर बिलख-बिलख कर रोने लगी। वह अपनी किस्मत को कोस रही थी। परिवार के लोग उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे।