मोनिका के पेट में मिले गर्भ का पताडीएनए टेस्ट कराने के लिए बृहस्पतिवार को कोर्ट से अनुमति मिल गई है। आगामी सोमवार को मोनिका के बिसरा का नमूना और आरोपी राहुल का सैंपल लिया जाएगा। इसके साथ ही आरोपी राहुल को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस लाइंस के फालोअर हरनाम यादव की 14 वर्षीय बेटी बीती छह सितंबर की रात में लापता हो गई थी। इस मामले में हरनाम की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ बेटी को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बीते रविवार की रात पुलिस लाइंस के पीछे नाले में मोनिका का शव सड़ी गली अवस्था में मिला था। परिवार वालों ने कॉलोनी के ही राहुल पर हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोनिका की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई थी, लेकिन मोनिका गर्भवती होने की बात सामने आई थी। परिवार वालों ने जाम लगाकर राहुल की गिरफ्तारी का दबाव बनाया था। मंगलवार की रात पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया था। मोनिका के पेट में मिले गर्भ किसका है यह पता लगाने के लिए डीएनए टेस्ट कराने के लिए बृहस्पतिवार को मामले की विवेचना कर रहे एसओ कटरा नरेंद्र सिंह यादव ने पाक्सो कोर्ट से डीएनए टेस्ट की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने आदेश किया कि सोमवार को सीएमओ पैनल में मोनिका के बिसरा से नमूना लिया जाएगा। इसके साथ जेल में बंद राहुल के खून का सैंपल लिया जाएगा। दोनों के सैंपल को जांच के लिए लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मामले की विवेचना कर रहे एसओ कटरा नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि डीएनए टेस्ट की अनुमित कोर्ट से मिल गई है। आगामी सोमवार को मोनिका के बिसरा और राहुल के खून का सैंपल लिया जाएगा। इसे जांच के लिए लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।