गांव उगनापुर निवासी अतुल वर्मा की 22 वर्षीय पत्नी प्रीति की मंगलवार रात संदिग्ध हालत में जलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
परिवार के लोगों के अनुसार अतुल के पड़ोस में दो दिन पूर्व लड़की की शादी थी। प्रीति की सास ने उसके मायके से आए कुछ बर्तन शादी वाले घर में भेज दिए थे। शादी में बर्तन गायब हो गए। इस बात को लेकर मंगलवार को सास, बहू में विवाद हो गया। रात में प्रीति के कमरे से शोर और धुंआ उठता देख अतुल की बहन रेखा और पड़ोस का लोकराम मौके पर पहुंचे तो प्रीति धूं-धूं कर जल रही थी। आग बुझाने के प्रयास में रेखा और लोकराम भी झुलस गए। घटना के समय अतुल बाहर गया था। प्रीति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एसओ रजी अहमद ने बताया कि सूचना के आधार पर प्रीति का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके और ससुराल पक्ष के किसी भी व्यक्ति ने कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी है, इस कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। मृतका अपने पीछे आठ माह की पुत्री छोड़ गई है।