पूरनपुर मार्ग पर गांव कजरा मोड़ के पास स्कार्पियों और मैजिक वाहन टकरा जाने से सात लोग घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।
खुटार की ओर से एक मैजिक गाड़ी चालक सवारियां लेकर पूरनपुर जा रहा था। कजरा मोड़ के पास पूरनपुर की ओर से आ रही स्कार्पियों गाड़ी से मैजिक की टक्कर हो गई। हादसा होते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में मैजिक सवार खुटार के मोहल्ला नरायनपुर निवासी लच्छू, पीलभीत के गांव पलिया माफी निवासी सुंदरलाल उनकी पत्नी रुकमणी और पुत्री सुमित्रा घायल हो गए। सुंदरलाल लखीमपुर से दवा लेकर वापस घर जा रहे थे। स्कार्पियों सवार चंदौसी निवासी विकास कुमार, यहीं के नरेश कॉलोनी निवासी राहुल और उनका एक दोस्त भी घायल हुए हैं। घायलों का खुटार के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों के परिवार वालों को मामले की जानकारी दे दी गई है।