गांव हरनहाई की बॉब शाखा में छह फरवरी को डकैती डालने वाले चार बदमाश पंजाब के बरनाला में पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। सूत्र बताते हैं कि पांचवें बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें अभी पंजाब में रुकेंगी।
गौरतलब है कि छह फरवरी को इनोवा कार सवार पांच बदमाशों ने गांव हरनहाई की बैंक ऑफ बड़ौदा (बॉब) में डकैती की घटना को अंजाम देकर लगभग 2.34 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस और क्राइम ब्रांच के अलावा एसटीएफ की टीम भी डकैती के खुलासे में जुटी थी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग करने वाला सीपीयू डकैत अपने साथ ले गए थे, लेकिन बैंक के अंदर लगे एटीएम के कैमरे में एक डकैत की तस्वीर कैद हो गई थी। इसी के सहारे पुलिस ने छानबीन कर डकैतों के बारे में जानकारी जुटा ली।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि घटना में पंजाब के बदमाशों की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस को उनके नाम और पते की जानकारी भी मिली थी। सटीक जानकारी हो जाने पर खुटार एसओ राजेश सिंंह, बंडा एसओ रजी अहमद और क्राइम ब्रांच की टीम पंजाब गई थी। टीम ने वहां संगरूर और बरनाला में छापेमारी कर चार बदमाशों को दबोच लिया। पांचवें बदमाश की तलाश चल रही है। हालांकि पुलिस इस बारे में कोई बयान देने से बच रही है।