थाना आरसी मिशन क्षेत्र में लालाबाग चौराहा के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन ने ओवररेटिंग का विरोध करने पर एक ग्राहक की शुक्रवार की रात दुकान में बंद करके पिटाई कर दी। ग्राहक की तहरीर पर दोनों सेल्समैन के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
क्षेत्र के गांव रौसरकोठी निवासी रामकुमार गुप्ता शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे लालाबाग चौराहा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब खरीदने गए थे। रामकुमार गुप्ता ने सेल्समैन सोनू से एक शराब की बोतल खरीदी। सोनू ने प्रिंट रेट से अधिक रुपये की मांग की तो रामकुमार ने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर सेल्समैन सोनू ने अपने साथी वीरपाल के साथ रामकुमार को दुकान के अंदर खींच लिया और शटर गिराने के बाद उनकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर रामकुमार के परिवार वालों ने दुकान पर पहुंचकर उन्हें बचाया। रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।