शनिवार रात करीब दस बजे धारा गांव में एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक खेत में रखवाली के लिए गया था। इसी दौरान गांव की कुछ लोग वहां पहुंच गए। उनकी युवक से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी और उन्होंने युवक को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। गांव धारा निवासी 35 वर्षीय रामऔतार शनिवार रात दस बजे गांव के पास ही खेत पर रखवाली के लिए गया था। गांव के कुछ लोग भी उसके पास खेत पर पहुंच गए। इन लोगों का रामऔतार से किसी बात पर विवाद हो गया। रामऔतार के पास गए लोगों ने रामऔतार को लाठी से पीटना शुरू कर दिया। रामऔतार लहूलुहान होकर जान बचाने के लिए गांव की ओर भागा तो हमलावरों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और गांव में रामऔतार के घर से पांच सौ मीटर पहले ही उसे घेर लिया। उस पर लाठियों से ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर रामऔतार की पत्नी जयमोरा और गांव के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े तो आरोपी मौके से भाग लिए। इस बीच रामऔतार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पाकर सीओ उमेश शर्मा, कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार विश्नोई पुलिस के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। सीओ ने बताया कि मृतक की पत्नी की ओर से तहरीर ली जा रही है। हत्या के पीछे गाली गलौज के बाद मारपीट होना बताया जा रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि हत्या में गांव के ही एक व्यक्ति का हाथ है। वहीं मृतक की पत्नी गांव के ही तीन लोगों पर पति की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगा रही है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। आरोपी घर से फरार हो गए हैं।