शुक्रवार शाम को गांव चतुरपुर निवासी 28 वर्षीय सोबरनलाल घर से गांव में जाने की बात कहकर गया था। शनिवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा पाया गया। परिवार के लोगों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
सोबरन की मां चंद्रकली ने बताया कि उसका पुत्र और गांव का नन्हें जाटव एक साथ मजदूरी आदि करते थे। शुक्रवार शाम नन्हें जाटव ने सोबरन को फोन कर जंगल चलने के लिए कह कर बुलाया था। इसके बाद सोबरन घर से निकला और उसके बाद वापस नहीं पहुंचा।
सोबरन के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। नन्हें भी घर से गायब मिला जो शनिवार को भी घर नहीं पहुंचा है।
शनिवार सुबह लोगों ने धनसिंहपुर रोड पर बाबूराम के खेत में सोबरन का शव पड़ा देखा। शव पर चोटों के तमाम निशान थे और काफी खून बिखरा पड़ा था। खेत में शव को घसीटे जाने के निशान भी बने हैं। गांव धनसिंहपुर के एक खाली मकान के पास भी खून पड़ा मिला। सूचना पाकर परिवार के लोग भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। परिवार के लोग रंजिश में हत्या की बात कह रहे हैं, लेकिन हत्या किसने की इस बात पर एकमत नहीं हैं। मृतक के चाचा का कहना है कि सोबरन ने जिस लड़की से कोर्ट मैरिज की थी उसके परिवार के एक युवक ने सोबरन को धमकी दी थी और शनिवार को उसे भी धमकाया। सूचना पाकर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है। एसओ जसवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पांच बहने और दो भाई हैं। सोबरन की मौत से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।
छह माह पूर्व गांव की लड़की से की थी कोर्ट मैरिज
चांदपुर/खुटार। गांव चतुरपुर निवासी सोबरन लाल का गांव में ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। छह माह पूर्व वह लड़की को लेकर चला गया। सोबरन के चाचा धर्मपाल ने बताया कि इस मामले में लड़की पक्ष ने सोबरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन सोबरन ने कोर्ट मैरिज कर ली और लड़की ने भी उसके पक्ष में बयान दिया था। इस कारण लड़की को सोबरन को सौंप दिया गया था और दोनों पति पत्नी की तरह रह रहे थे। धर्मपाल के अनुसार सोबरन से लड़की पक्ष के लोग रंजिश मानते थे। सोबरन का गला दबाकर और लाठी आदि से हमला कर निर्मम हत्या की गई है। धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।