पुवायां के राजकीय कृषि बीज भंडार पर 56 रुपये की जिंक सौ रुपये में बेचे जाने पर सोमवार को किसानों ने जमकर हंगामा किया और मामले की शिकायत रजिस्टर्ड पत्र भेजकर डीएम से की। मामला बिगड़ता देख मौके पर मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बीज भंडार को बंद कर खिसक लिया।
कृषि बीज भंडार पर जिंक का दस किलो का बैग 56 रुपये में बेचे जाने के निर्देश हैं। बैग पर प्रिंट रेट भी इतना ही पड़ा हुआ है, लेकिन केंद्र पर कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सर्वाधार मिश्रा बैग को सौ रुपये में बेच रहा था। कई दिन से चल रहे इस गोरखधंधे के कारण किसानों को प्रति बैग 44 रुपये ज्यादा देने पड़ रहे हैं। इसके अलावा जैविक खाद का राइजोवियम कल्चर नाम का दो सौ ग्राम का पांच रुपये का पैकेट 15 रुपये में जबरिया दिया जा रहा था।
सोमवार को जिंक लेने पहुंचे किसानों ने ज्यादा रुपये लेने का विरोध किया तो कर्मचारी ने ऊपर से निर्देश होने की बात कहते हुए कम रेट लेने से इंकार कर दिया। इस पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख कर्मचारी मौके से खिसक लिया। किसानों का आरोप है कि बीज भंडार से जुड़े एक कर्मचारी की पुवायां में खाद, बीज की दुकान है। कर्मचारी सरकारी जिंक को अपनी दुकान पर बिकवाता है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के ज्यादा रुपये वसूलने की शिकायत मिली थी। उसे फटकार लगाकर निर्धारित रेट पर ही जिंक की बिक्री करने को कहा गया है। ज्यादा रुपये लिए गए हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
- बीके शर्मा, प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार पुवायां